तेंदुए की खोज करती वन विभाग की टीम।
महोली (सीतापुर)। मुसब्बरपुर गांव के आसपास तेंदुए की चहलकदमी लगातार बनी हुई है। रविवार को पिंजरे से 500 मीटर दूर तेंदुए के पगचिह्न मिले थे। सोमवार को ग्रामीणों ने तेंदुआ देखने का दावा किया। हालांकि, वन विभाग की कॉम्बिंग में नए पगचिह्न नहीं मिले हैं। तेंदुआ पिंजरे में फंसा भी नहीं है।
तेंदुए की सक्रियता से ग्रामीण दहशत में है। पिंजरे के करीब से तेंदुआ घूमकर चला जा रहा है। ग्रामीणों को वन विभाग की टीम ने सतर्क रहने के लिए जागरूक किया। महोली वन रेंज में तेंदुए की आमद से ग्रामीण दहशत में हैं।
सोमवार सुबह चंद्रा गांव के लोगों ने रेलवे क्रॉसिंग से 200 मीटर दूर खेतों में तेंदुआ देखे जाने का दावा करते हुए वन विभाग को सूचना दी। वन विभाग की टीम को कॉम्बिंग में कहीं भी तेंदुआ के ताजा पगचिह्न नहीं मिले हैं। वन विभाग की टीम ने मुसब्बरपुर जंगल के निकट लगाए गए पिंजरे में शिकार के लिए बकरी को बांधा है।
वन विभाग की टीम ने ग्रामीणों को समूह में खेतों की तरफ जाने के लिए जागरूक किया। रेंजर कल्पेश्वर नाथ भार्गव ने बताया कि सोमवार को काॅम्बिंग के दौरान कहीं भी ताजा पगचिह्न नहीं मिले हैं। ग्रामीणों को सतर्क रहने के लिए जागरूक किया गया है।