पिसावां के पेंदारी में मिले तेंदुवे के पगचिन्ह ।
पिसावां। इलाके के पेंदारी, कप्सा खानपुर और कुतुवापुर गांवों के आसपास तेंदुए की मौजूदगी से ग्रामीणों में दहशत है। तेंदुए के पगचिह्न मिलने के बाद वन विभाग की टीम ने रविवार को दिनभर प्रभावित क्षेत्रों में कांबिंग की, लेकिन उसका कोई सुराग नहीं मिला। वन विभाग के अधिकारियों ने ग्रामीणों को अकेले खेतों की ओर न जाने और सतर्क रहने की सलाह दी है।
पेंदारी गांव निवासी हनीफ और विनोद शनिवार को खेत गए थे। उन्होंने गोमती नदी के किनारे दूर से तेंदुए को देखने का दावा किया। गांव पहुंचकर उन्होंने ग्रामीणों को इसकी जानकारी दी। रविवार सुबह ग्रामीण हरिहर मास्टर ने वन विभाग को सूचना दी। वन दरोगा विनीत सक्सेना टीम के साथ मौके पर पहुंचे और तलाश शुरू कराई।
वन दरोगा विनीत सक्सेना ने बताया कि तेंदुए के पगचिह्न पेंदारी गांव के बाहर गोमती नदी के किनारे से कुतुवापुर और कप्सा खानपुर तक मिले हैं। इसके बाद पगचिह्न वापस पेंदारी की ओर जाते दिखाई दिए। नदी किनारे घनी झाड़ियां होने के कारण आगे की लोकेशन ट्रेस नहीं हो सकी। वन विभाग की टीम लगातार तलाश कर रही है।
तेंदुए की आशंका से ग्रामीण खेतों की ओर जाने और अकेले बाहर निकलने से डर रहे हैं। वन विभाग की ओर से लोगों को बच्चों को अकेले बाहर न भेजने, समूह में आवागमन करने और झाड़ियों वाले इलाकों से दूर रहने की सलाह दी गई है। अधिकारियों ने कहा है कि जंगली जानवर दिखाई देने पर उसके पास न जाएं और न ही उसका पीछा करें। इसकी सूचना तत्काल वन विभाग को दें।
नहीं मिले बाघिन के नए पगचिह्न
संदना। किसान कमल किशोर की जान लेने वाली बाघिन की तलाश में वन विभाग की टीमें कांबिंग कर रही हैं। रविवार को क्षेत्र में कहीं भी बाघिन के नए पगचिह्न नहीं मिले। टीम ने संभावित स्थानों पर तलाश की, लेकिन उसका कोई सुराग नहीं लग सका। पिछले कई दिनों से अलग-अलग स्थानों पर बाघिन के पगचिह्न मिलने से ग्रामीणों में दहशत बनी हुई है। मिश्रिख रेंजर सिकंदर सिंह ने बताया कि रविवार को किसी भी स्थान पर बाघिन के नए पगचिह्न नहीं मिले। वन विभाग की टीमें लगातार निगरानी कर उसकी तलाश में जुटी हैं। संवाद