हरगांव। शारदा सहायक नहर पुल के करीब जंगल के पास शनिवार को एक तेंदुआ मृत अवस्था में पड़ा मिला। वन विभाग की टीम ने मौके पर पहुंचकर आसपास इलाके में सर्च ऑपरेशन चलाया। पोस्टमार्टम के लिए तेंदुए के शव को इलसिया पार्क भेजा गया है।
हरगांव वन रेंज के महादेव अटरा के करीब से शारदा सहायक नहर निकली है। शनिवार सुबह ग्रामीण उधर से निकले तो पुल व जंगल के करीब तेंदुए को देख सहम गए। दहशतजदा ग्रामीण शोर मचाते हुए गांव की ओर भाग खड़े हुए। वन विभाग को सूचना दी गई। वन विभाग की टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच की तो तेंदुआ मृत मिला।
अधिकारियों ने आसपास के इलाके में सर्च ऑपरेशन भी चलाया। हालांकि ऐसा कोई सुराग नहीं मिला जिससे तेंदुए की मौत का कारण स्पष्ट हो सके। वन विभाग की टीम ने औपचारिकताएं पूरी कर तेंदुए के शव को पोस्टमार्टम के लिए सीतापुर भेज दिया। डीएफओ नवीन खंडेलवाल ने बताया कि शव पर चोट के निशान नहीं मिले हैं। पोस्टमार्टम रिपोर्ट से ही स्पष्ट हो सकेगा कि बीमारी अथवा अन्य किसी वजह से उसकी मौत हुई है।