सीतापुर। जिले के सात परीक्षा केंद्रों पर बृहस्पतिवार को लेखपाल मुख्य परीक्षा का आयोजन होगा। परीक्षा में किसी भी तरह की गड़बड़ी न होने देने के लिए बुधवार को जिलाधिकारी डाॅ राजा गणपति आर ने परीक्षा संचालन से जुड़े कार्यों की गहन समीक्षा करते हुए जरूरी दिशा निर्देश भी दिए।
डीएम ने अधिकारियों को परीक्षा की शुचिता और पारदर्शिता बनाए रखने के लिए शासन व आयोग के दिशा-निर्देशों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने के लिए कहा। साथ ही निर्देश दिया कि भीषण गर्मी में परीक्षा केंद्रों पर पंखे, लाइट, पेयजल और जनरेटर जैसी आवश्यक व्यवस्थाएं पूरी तरह दुरुस्त रखीं जाए।
डीएम ने कहा कि सभी तैनात किए गए अफसर समय से परीक्षा केंद्र पर पहुंचकर अपने दायित्वों का पूरी निष्ठा के साथ निर्वहन करें। परीक्षा केंद्रों पर मोबाइल फोन, ब्लूटूथ, इलेक्ट्रॉनिक उपकरण और अन्य आईटी गैजेट्स प्रतिबंधित रहेंगे। साथ ही परीक्षा केंद्रों के 200 मीटर के दायरे में फोटो कॉपी मशीनों का संचालन भी प्रतिबंधित रहेगा।
निर्देश दिया कि किसी भी तरह की गड़बड़ी रोकने के लिए स्टैटिक मजिस्ट्रेट परीक्षा संचालन पर सघन निरीक्षण द्वारा लगातार नजर रखेंगे। उन्होंने चेताया कि परीक्षा के दौरान किसी भी तरह की लापरवाही या त्रुटि बर्दाश्त नहीं होगी।
परीक्षा समाप्त होने तक किसी भी अभ्यर्थी या प्रश्नपत्र को परीक्षा केंद्र से बाहर न जाने दिया जाए। बैठक में एडीएम खालिद अंजुम सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।