बार एसोसिएशन के पूर्व उपाध्यक्ष सुधीर शुक्ल राना पर हुए हमले के विरोध में बुधवार को आक्रोशित अधिवक्ताओं ने लालबाग चौराहा जाम कर दिया। अधिवक्ताओं ने आरोपियों की गिरफ्तारी न होने पर पुलिस के खिलाफ नारेबाजी की। एएसपी के आश्वासन के बाद अधिवक्ताओं ने जाम खोला। इससे लालबाग चौराहे पर करीब दो घंटे तक अफरातफरी रही।
मिश्रिख के खाकी सरांय निवासी अधिवक्ता सुधीर शुक्ला राना ने खुद पर जानलेवा हमले का आरोप लगाते हुए केस दर्ज कराया था। घटना के कई दिन बीत जाने के बाद भी आरोपियों की गिरफ्तारी न होने से नाराज अधिवक्ता बुधवार को प्रदर्शन करते हुए लालबाग चौराहे पर पहुंच गए और जाम लगा दिया।
अधिवक्ता करीब दो घंटे तक जमा रहे। इससे चौराहों पर वाहनों की आवाजाही थम गई। खबर पाकर कोतवाल परशुराम सिंह मौके पर पहुंचे, लेकिन अधिवक्ता नहीं माने। इस दौरान एएसपी डॉ. ओपी सिंह मौके पर पहुंचे।
उन्होंने गुरुवार तक आरोपियों की गिरफ्तारी का आश्वासन देकर किसी तरह लोगों को शांत कराया। अधिवक्ताओं ने कहा कि आरोपियों की गिरफ्तारी न हुई तो गुरुवार दोपहर बाद अधिवक्ता पुलिस अधीक्षक कार्यालय में प्रदर्शन करेंगे। इस प्रदर्शन के कारण आम राहगीर परेशान हुए।