सीतापुर। शहर स्थित द्वितीय वाहिनी में निर्माणाधीन इमारत से गिरकर एक मजदूर की मौत हो गई। मौके पर मौजूद लोगों ने उसे जिला अस्पताल पहुंचायाए जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
तालगांव के बेदौरा निवासी पिंकू (26) शनिवार को द्वितीय वाहिनी पीएसी की निर्माणाधीन इमारत में काम कर रहा था। वह आठवीं मंजिल पर काम कर रहा था। तभी अचानक संदिग्ध हालात में इमारत से नीचे गिर गया। उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
सूचना पर पहुंचे द्वितीय वाहिनी के सुपरवाइजर संतोष सिंह और पिंकू के पड़ोसी फूल सिंह ने उसे सुबह 11.40 बजे जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। सुपरवाइजर संतोष ने बताया कि जब घटना हुई तब वह मौके पर नहीं था। किसी काम से गया था।
इमारत पीएसी के जवानों के रहने के लिए बनाई जा रही है। इमारत पीडब्ल्यूडी बनवा रही है। निर्माण खंड चतुर्थ के एक्सईएन राघवेंद्र सिंह ने बताया कि इमारत बनाने के लिए लखनऊ मुख्यालय पर एक्सईएन की तैनाती होती है। जिले पर भवन निर्माण से संबंधित कोई अधिकारी नियुक्त नहीं है।
बिना सुरक्षा उपकरणों के कराया जा रहा था काम
पिंकू के पिता लेखराम मौर्य ने शहर कोतवाली पुलिस को तहरीर देकर बताया कि कार्यदायी संस्था ने बिना किसी सुरक्षा मानकों के काम कराया था। न तो पिंकू को हेलमेट दिया गया था और न ही अन्य सुरक्षा के उपकरण दिए गए थे। बताया कि अन्य मजदूरों का भी ऐसा ही हाल था। पिता ने कार्यदायी संस्था पर मुकदमा दर्ज कराए जाने की मांग की है।
पिंकू को दैनिक मजदूरी पर ले गया था ठेकेदार
पिता लेखराम ने बताया कि उसका पुत्र पिंकू दैनिक मजदूरी करता था। शनिवार को भी दैनिक मजदूरी के लिए निकला था। कार्यदायी संस्था के किसी जिम्मेदार ने उसे 400 रुपये दिहाड़ी पर तय किया था। पिता ने आरोप लगाया कि कार्यदायी संस्था ऐसे कई मजदूरों को काम पर लगाती है।
जिम्मेदारों ने साधी चुप्पी
घटना के बाद पीएसी के जिम्मेदार कमांडेंट दयाराम ने चुप्पी साध ली। कई बार फोन किए जाने पर भी उनका फोन नहीं उठा। यही हाल पीएसी के क्वार्टर मास्टर विपिन कुमार का रहा। उन्होंने भी फोन नहीं उठाया। घटना के बाद घटनास्थल को भी चारों तरफ से बंद कर दिया गया है। ताकि वहां कोई न जा सके।
तहरीर के आधार पर मामले की जांच की जा रही है। जांच के बाद जो भी दोषी होगा उस पर कार्रवाई की जाएगी। शव का पोस्टमार्टम कराए जाने के बाद उसका अंतिम संस्कार कराया गया।
- अमन सिंह, क्षेत्राधिकारी नगर