यूपी के सीतापुर में सोमवार की रात बारिश के कच्ची दीवार ढह गई। मलबे में दबकर मां-बेटी की मौत हो गई। चीख पुकार सुनकर ग्रामीणों की भीड़ लग गई। ग्रामीण परेशान परिजनों को ढांढस बंधाते रहे। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घटना की जानकारी ली।
घटना महोली कोतवाली क्षेत्र के नरनी गांव की है। गांव निवासी संदीप की पत्नी उर्मिला (38) और बेटी गुनगुन (6) की मौत हुई है। जबकि दो घायल बेटियों सौम्या और प्रिया को प्राथमिक उपचार के बाद घर भेज दिया गया।
संदीप ने बताया कि पत्नी उर्मिला तीन बच्चियों के साथ कोठरी में सो रही थी। वह घर के दूसरे कमरे में सो रहा था। रात करीब 12 बजे अचानक कच्ची दीवार ढह गई। तेज आवाज सुनकर उसकी नींद खुल गई, तो भागकर पहुंचे। चीख पुकार सुनकर ग्रामीण भी आ गए।
ग्रामीणों की मदद से मलबा हटाकर सभी को बाहर निकाला गया। सीएचसी में जांच के बाद चिकित्सक ने पत्नी और गुनगुन को मृत घोषित कर दिया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।
सूचना पर नायब तहसीलदार महेंद्र सिंह पुलिस टीम के साथ पहुंचे। उन्होंने बताया कि संदीप अपने कच्चे मकान में परिवार के साथ रहते हैं। बीती रात कच्ची दीवार गिरने से उनकी पत्नी और एक बेटी की मौत हो गई है। आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।