सीतापुर। कोतवाली देहात इलाके में गुरुवार को मतदाता सूची में नाम न होने पर हंगामा कर रहे लोगों को तितर-बितर करने के लिए पुलिस ने हल्का बल का प्रयोग किया। पुलिस ने महिलाओं, पुरुषों को खदेड़ा। कोतवाली देहात इंस्पेेक्टर का एक महिला को लाठी से मारने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, इससे पुलिस महकमे की खूब किरकिरी हो रही है।
कोतवाली देहात इलाके के शाह महोली पोलिंग सेंटर पर गुरुवार को मतदान हो रहा था। गांव से कुछ पुरुष व महिलाएं वोटिंग करने के लिए पोलिंग स्टेशन पर गई थीं, लेकिन मतदाता सूची में इनका नाम नहीं था। इसको लेकर यह लोग मतदान केंद्र से दूर सड़क के दूसरी ओर नाराजगी जताते हुए हंगामा करने लगे। यहां पर कोतवाली देहात इंस्पेक्टर ओपी तिवारी तैनात थे।
हंगामा बढ़ता देख कोतवाल आगे बढ़े और पुलिस टीम के साथ लोगों को मौके से खदेड़ने के लिए हल्का बल का प्रयोग किया। पुलिस के लाठियां फटकारने के बाद लोग मौके से तितर-बितर हो गए। इस पूरे मामले का किसी ने वीडियो बना लिया और उसे सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया है। वीडियो में कोतवाल आगे बढ़ते हैं और एक महिला को लाठी से हूरने के बाद वह और उनकी टीम महिलाओं, पुरुषों को दौड़ाने के लिए लाठियां फटकारती है।
इसी बीच कोतवाल एक महिला को तेजी से लाठी मारते हुए वीडियो में दिख रहे हैं। पुलिस के लाठियां फटकारने के बाद भीड़ चली गई, लेकिन पुलिस के इस रवैये को लेकर गांव के लोगों में आक्रोश है। सोशल मीडिया पर ये वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस की फजीहत हो रही है। सूचना पाकर एसडीएम सदर अमित भट्ट, सीओ सिटी मौके पर पहुंचे और मामले की जानकारी ली।
मतदाता सूची से नाम कटने को लेकर लोग हंगामा कर रहे थे। इसको लेकर पुलिस ने उन्हें मौके से खदेड़ा है। किसी ने इसका वीडियो बनाकर वायरल कर दिया है।
- पीयूष कुमार सिंह, सीओ सिटी