सीतापुर/ सिधौली। गोंदलामऊ ब्लॉक केे कोथावां में देवर-भाभी के कोरोना पॉजिटिव मिलने के बाद प्रशासन ने गांव को हॉटस्पॉट घोषित कर ढाई सौ मीटर का एरिया सील कर दिया है। किसी को भी घर से बाहर निकलने की इजाजत नहीं है। सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं। डीएम अखिलेश तिवारी ने बताया कि गांव में कोरोना के दो मरीज पाए गए हैं। गांव को हॉटस्पॉट बनाया गया है।
एसओ संदना ने बताया कि सील हुए 250 मीटर के दायरे में पूरा गांव आ गया है। गांव में 153 घर हैं और यहां की आबादी करीब 953 है। इस परिधि में आवाजाही रोक दी गई है। किसी को भी आने-जाने की इजाजत नहीं है। घर से निकलने पर पाबंदी है। लोगों पर निगरानी रखने और सुरक्षा के लिए गांव में पांच बैरिकेडिंग की गई है। गांव को जाने वाले सभी रास्ते बंद कर किए गए हैं।
एक ही रास्ता खोला गया है, जिससे जरूरी वस्तुओं की आपूर्ति आदि कराई जा सके। बताया कि गांव में 9 एसआई, 27 सिपाही, 9 महिला सिपाही लगाई हैं। तीन शिफ्टों में पुलिस कर्मी ड्यूटी करेंगे। एसओ ने बताया कि सील की कार्रवाई मरीजों के निगेटिव नहीं आ जाने तक प्रभावी रहेगी। किसी ने भी नियमों का उल्लंघन किया तो उस पर कार्रवाई होगी।
टीमों ने घर-घर किया सर्वे, कोई संदिग्ध नहीं
गोंदलामऊ सीएचसी अधीक्षक डॉ. धीरज मिश्रा ने बताया कि पूरे गांव के 153 घरों की स्क्रीनिंग के लिए पांच टीमें बनाई गई हैं। एक टीम में डॉक्टर, सुपरवाइजर, आशा, एएनएम, आंगनबाड़ी को शामिल किया गया था। सभी ने घर-घर जाकर सर्वे किया और सभी 953 सदस्यों की स्क्रीनिंग की। जांच में कोई भी व्यक्ति फिलहाल संदिग्ध नहीं पाया गया है।
कोथावां गांव हुआ सैनिटाइज
गोंदलामऊ सीएचसी अधीक्षक डॉ. धीरज मिश्रा ने बताया कि कोथावां गांव को पूरी तरह से सैनिटाइज किया गया है। स्वास्थ्य विभाग ने मरीज के घर से लेकर सभी घरों को सैनिटाइज किया है, जबकि तहसील प्रशासन ने अग्निशमन की गाड़ियां बुलाकर गांव की सभी सड़कों को सैनिटाइज किया है।
जरूरी सामानों की डोर-टू-डोर होगी सप्लाई
एसडीएम सिधौली ने बताया कि हॉटस्पॉट कोथावां गांव में डोर टू डोर सप्लाई की जाएगी। किसी भी व्यक्ति को घर से बाहर निकलने की अनुमति नहीं है। जरूरी वस्तुएं दूध, फल, सब्जी, राशन आदि की व्यवस्था घर बैठे लोगों को मिलेंगी।