हरगांव। गुरुधपा गांव में कोटेदार के चुनाव के दौरान हंगामा हो गया। मौके पर मौजूद अधिकारियों ने हंगामे के कारण चुनाव की प्रक्रिया को स्थगित कर दिया। तनाव को देखते हुए गांव में पुलिस बल तैनात कर दिया गया है।
गांव में कोटेदार के चुनाव को लेकर ग्रामीण दो खेमों में बंट गए। एक तरफ प्रधान समर्थक कपिल यादव और दूसरी तरफ अनिल यादव फौजी के समर्थक हंगामा करते रहे। चुनाव स्थल के बाहर महिलाएं व पुरुष अपने कोटेदार प्रत्याशी को जिताने के लिए लामबंद रहे। पुलिस लगातार भीड़ को शांत कराती रही। इस दौरान एक पक्ष आरक्षण की मांग को लेकर मतदान स्थल से बाहर निकल गया। इससे माहौल गर्मा गया। नारेबाजी होने लगी और स्थिति तनावपूर्ण हो गई।
हालात बिगड़ते देख चुनाव कराने आए अधिकारी मतदान परिसर छोड़ने लगे। सचिव धर्मेंद्र को पुलिस ने सुरक्षित बाहर निकाला। पूर्ति निरीक्षक रूपेश जैन, एडीओ आईएसबी शैलेश गुप्ता, एडीओ जेपी वर्मा उपस्थित रहे। खंड विकास अधिकारी विवेक मणि त्रिपाठी ने बताया कि विवाद की स्थिति के कारण चुनाव स्थगित कर दिया गया है।