सीतापुर। शैक्षिक सत्र आधा बीत जाने के बाद अब परिषदीय विद्यालयों के नौनिहालों को ज्ञान की कसौटी पर परखा जाएगा। दो दिवसीय निपुण आकलन परीक्षा सोमवार से प्रारंभ होगी। पहले दिन कक्षा एक व तीन के बच्चे ओएमआर शीट पर सवालों के जवाब देंगे। इस परीक्षा में करीब चार लाख नौनिहाल शामिल होंगे। जिलाधिकारी ने जिला स्तरीय अफसरों की ड्यूटी लगाई है।
यह परीक्षा जिले के करीब 2500 विद्यालयों में होगी। पहले दिन कक्षा एक व तीन के नौनिहाल शामिल होंगे। अगले दिन मंगलवार को कक्षा चार व पांच तक के नौनिहाल परीक्षा देंगे। नौनिहालों को केवल ओएमआर शीट पर जवाब देना है। इसके लिए पहले ही नौनिहालों को ट्रेड किया जा चुका है।
दो घंटे की परीक्षा में उनसे कोर्स से संबंधित सवाल पूछे जाएंगे। कक्षा एक से तीन में हिंदी व गणित के प्रश्नों का जवाब नौनिहालों को दो घंटे में देना होगा। यह परीक्षा सुबह 9:30 से 11:30 बजे के बीच होगी। मंगलवार को कक्षा चार व पांच में हिंदी, गणित, अंग्रेजी व पर्यावरण अध्ययन की परीक्षा होगी। प्रत्येक विद्यालय में बीआरसी के माध्यम से ओएमआर शीट भेज दी गई है।
इनकी लगाई गई ड्यूटी
डीएम अभिषेक आनंद ने बीएसए, डीआईओएस, डीडीओ, डीपीआरओ, जिला अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी, जिला समाज कल्याण अधिकारी, जिला पूर्ति अधिकारी, जिला अर्थ एवं संख्याधिकारी, सीएमओ व डीपीओ को ब्लॉक आवंटित करके ड्यूटी लगाई गई है। इसके अलावा प्रत्येक ब्लॉक पर बीईओ, बीडीओ व सहायक खंड विकास अधिकारी पंचायत की ड्यूटी की गई है।
पांच-पांच विद्यालयों का करेंगे निरीक्षण
प्रत्येक अफसर को पांच-पांच विद्यालयों का औचक निरीक्षण करना है। यह अफसर निरीक्षण करके सीधे जिलाधिकारी को रिपोर्ट करेंगे। साथ ही अपने अधीनस्थों से पूरे ब्लॉक में चल रही परीक्षा को लेकर विचार विमर्श करते रहेंगे।
परख ऐप पर डाउनलोड होगी उत्तरपुस्तिका
परीक्षा संपन्न हो जाने के बाद शिक्षक उत्तरपुस्तिका को परख ऐप पर डाउनलोड करेंगे। यह प्रत्येक शिक्षक को परीक्षा के दिन ही करना होगा। उसके बाद ऑनलाइन उत्तरपुस्तिकाओं की जांच करके अंक दिए जाएंगे।
तैयारियां पूरी
निपुण आकलन परीक्षा को लेकर सभी तैयारियां पूरी कर ली गईं है। सभी शिक्षकों को बेहतर तरीके से परीक्षा कराए जाने के लिए निर्देशित किया गया है।
अखिलेश प्रताप सिंह, बीएसए