सीतापुर। एक युवती का अपहरण करने के बाद उसकी हत्या कर शव पेड़ से लटका दिया गया। दो दिन बाद सोमवार को जब युवती का शव मिला तो हड़कंप मच गया। मामला दो समुदाय से जुड़ा होने के कारण पुलिस ने दो आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर गिरफ्तार कर लिया है। युवती के साथ दुष्कर्म की आशंका जताई जा रही है। तनाव के कारण गांव में पुलिस बल की तैनात कर दिया गया है।
कोतवाली देहात क्षेत्र एक एक गांव की रहने वाली बीस वर्षीय युवती अपने घर से दो दिन पहले संदिग्ध हालात में लापता हो गई थी। इसके बाद युवती के परिजनों ने गांव के ही एजाज और शकील के खिलाफ उसके अपहरण की आशंका जताते हुए पुलिस से शिकायत की थी। इसके बाद पुलिस युवती व आरोपियों की तलाश में जुट गई थी। इस बीच सोमवार देर शाम युवती का शव कनवाखेड़ा गांव के पास स्थित जंगलों में पेड़ से लटकता मिला।
ग्रामीणों को जब इस बारे में पता लगा तो पुलिस को सूचना दी। इसके बाद पहुंची पुलिस ने जांच कर युवती के परिजनों को बुलाया। परिजनों ने दोनों युवकों पर युवती की हत्या कर शव फंदे से लटकाने का आरोप लगाया है। युवती के साथ दुष्कर्म की भी आशंका जताई जा रही है। मामला दो समुदाय से जुड़ा होने के चलते ग्रामीणों में आक्रोश व्याप्त है।
इंस्पेक्टर मुकुल प्रकाश वर्मा ने बताया कि इस मामले में पहले से दो आरोपियों के खिलाफ अपहरण का केस दर्ज कर लिया गया था। पुलिस पोस्टमार्टम करवा रही है। रिपोर्ट मिलने के बाद केस में आगे की कार्रवाई की जाएगी। इंस्पेक्टर ने बताया दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है।