सीतापुर। नेशनल हाईवे पर रामकोट इलाके में शनिवार को एक ट्रक का खलासी दो ट्रकों के बीच में दब गया। इससे उसकी मौत हो गई। पुलिस ने मौके पर पहुंच कर कार्रवाई शुरू कर दी है।
शहर कोतवाली इलाके के चौंबा गांव निवासी दीपू (20) पुत्र घनश्याम एक ट्रक पर खलासी था। शनिवार को उसका ट्रक रामकोट इलाके में हाईवे पर नेरी के निकट स्थित गोदाम के पास था। वहां एक अन्य ट्रक खराब हो गया था।
दीपू के ट्रक के पिछले हिस्से से खराब ट्रक के पिछले हिस्से के बीच में लकड़ी का पटरा लगाकर धक्का दिया जा रहा था। इस बीच दीपू दोनों ट्रकों के बीच में था। अचानक पटरा टूट गया, जिससे दीपू दोनों ट्रकों के बीच में दब गया। उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
घटना के बाद लोगों ने पुलिस को सूचना दी। एसओ उमाकांत दीपक का कहना है कि घटना में एक ट्रक खलासी की मौत हुई है। मामले में कार्रवाई की जा रही है।