संवाद न्यूज एजेंसी
खैराबाद (सीतापुर)। लखनऊ जाने के लिए गांव बिनौरा के पास हाईवे पर खड़े मजदूर को अनियंत्रित निजी बस ने रौंद दिया। ट्रक से टक्कर लगने के कारण बस अनियंत्रित होकर खड्ड में उतर गई। हादसे में बस में सवार दो यात्री मामूली रूप से चोटिल हो गए। चालक व परिचालक मौके से भाग गए।
लखीमपुर से सीतापुर होते हुए एक निजी बस लखनऊ जा रही थी। नेशनल हाईवे पर बिनौरा गांव के पास भूसी लदे ट्रक ने बस को पीछे से टक्कर मार दी। अनियंत्रित बस हाईवे किनारे खड़े बरुआ नेवादा निवासी बिंद्रा (35) को रौंदते हुए खड्ड में उतर गई। वह लखनऊ जाने के लिए किसी साधन का इंतजार कर रहे थे। एनएचएआई की एंबुलेंस से बिंद्रा को जिला अस्पताल लाया गया। जहां चिकित्सकों ने उनको मृत घोषित कर दिया।
थानाध्यक्ष अनिल सिंह के मुताबिक दोनों घायलों का उपचार कराते हुए वाहनों को कब्जे में लेकर कार्रवाई की जा रही है।