सीतापुर। शहर के जीवन ज्योति हॉस्पिटल में सोमवार को इलाज के दौरान कस्तूरबा विद्यालय एलिया की कक्षा नौ की छात्रा कीर्ति (17) की मौत हो गई। परिजनों ने चिकित्सकों पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए जमकर हंगामा किया। डीएम से शिकायत के बाद जांच टीम ने अस्पताल जाकर अभिलेख जब्त किए हैं।
एलिया विकासखंड के ग्रामसभा कचनार मजरा धवरपारा निवासी कीर्ति (17) ब्लॉक स्थित कस्तूरबा आवासीय विद्यालय में पढ़ती थी। रविवार को स्कूल से परिजनों को फोन आया कि कीर्ति की तबीयत खराब है। परिजनों ने कीर्ति को बुखार, पेट दर्द की शिकायत पर सोमवार दोपहर कांशीराम कॉलोनी स्थित जीवन ज्योति अस्पताल में भर्ती कराया। चिकित्सकों ने प्राथमिक इलाज करने के बाद कुछ जांचें लिखीं। सोमवार शाम करीब सात बजे छात्रा की मौत हो गई।
परिजनों ने हंगामा करते हुए जिलाधिकारी डॉ. राजागणपति आर को फोन किया। शिकायत मिलने पर डीएम ने सीएमओ को जांच कराने के निर्देश दिए। इस पर एसीएमओ डॉ. राजशेखर ने मंगलवार को अस्पताल पहुंचकर जांच पड़ताल की। वहीं, परिजनों ने देर शाम छात्रा का अंतिम संस्कार कर दिया।
परिजनों का आरोप- मृत बेटी को रेफर करने का किया प्रयास
छात्रा के पिता मुनेंद्र ने बताया कि जब उनकी बेटी की तबीयत बिगड़ी तो वह अस्पताल में डॉक्टर को खोजने लगे। कोई डॉक्टर नहीं मिला। इसके बाद कुछ देर में उनकी बेटी अचेत हो गई। एक नर्स आई और उनकी बेटी को चेक किया। इसके बाद लखनऊ रेफर करने का प्रयास किया। घटना की सूचना मिलने पर राष्ट्रीय हिंदू शेर सेना के राष्ट्रीय अध्यक्ष विकास हिंदू मौके पर पहुंचे।पुलिसकर्मियों ने जब एंबुलेंस चालक के दस्तावेज चेक किए तो वह हड़बड़ा गया। पिता ने आरोप लगाया कि उनकी बेटी की मौत की बात अस्पताल प्रबंधन छुपाता रहा।
अस्पताल में मिलीं तमाम खामियां
अस्पताल पंजीकृत मिला लेकिन इसके बाद भी तमाम खामियां उजागर हुई हैं। निरीक्षण के समय कोई एमबीबीएस चिकित्सक वहां पर मौजूद नहीं मिला। बीएएमएस इलाज कर रहे थे। प्रथम दृष्टया चिकित्सकों की लापरवाही सामने आ रही है।
- डॉ. राजशेखर, एसीएमओ, सीतापुर
हालत गंभीर होने पर किया था रेफर
छात्रा की तबियत खराब होने पर भर्ती कराया गया था। जांच रिपोर्ट में हालत गंभीर होने पर लखनऊ रेफर कर दिया गया था। परिजन छात्रा को नहीं ले जा रहे थे। कुछ देर बाद छात्रा की मौत हो गई थी।
डॉ. राकेश शर्मा, अस्पताल संचालक, जीवन ज्योति हाॅस्पिटल
छात्रा की मौत मामले में होगी कड़ी कार्रवाई
परिजनों की तरफ से कोई शिकायत नहीं मिली है। एक टीम ने मौके पर जाकर जांच पड़ताल की है। परिजनों के बयान नहीं हो पाए हैं। उन्होंने दो दिन बाद आने की बात कही है। अस्पताल में अनियमितताएं मिलने की बात सामने आई है। परिजनों के बयान के बाद कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
- डॉ सुरेश कुमार, सीएमओ सीतापुर