सकरन (सीतापुर)। ब्लॉक में गर्भवती महिलाओं व बच्चों के लिए आंगनबाड़ी केंद्रों पर आने वाला रिफाइंड कालाबाजारी करके बेचा जा रहा है। इस रिफाइंड से एक मिठाई की दुकान में जलेबियां छानने का मामला प्रकाश में आया है। जांच शुरू हो गई है।
रसूलपुर बकइया की साप्ताहिक बाजार में एक दुकान पर जलेबी बनाई जा रही थी। दुकानदार बाल विकास एवं पुष्टाहार विभाग का सोयाबीन रिफाइंड प्रयोग कर रहा था। बाजार में सैकड़ों लोगों की भीड़ में दुकानदार खुलेआम सरकारी तेल का प्रयोग कर रहा था। इसका वीडियो भी वायरल हो रहा है। दुकानदार ने बताया कि कि दुकानों पर 120 रुपये का 750 मिलीलीटर रिफाइंड मिलता है, उसमें मिठाई साफ नहीं बन पाती है।
आंगनबाड़ी केंद्रों पर यह तेल का पैकेट 80 रुपये में 750 मिलीलीटर मिल जाता है। कम खर्च में मिठाई साफ बनती है। इसलिए यह सरकारी तेल केंद्रों से खरीद कर प्रयोग करते हैं। सूत्रों के अनुसार लालपुर बाजार के कुछ तेल व्यापारियों के यहां स्टॉक लगे हैं, जो सरकारी पाउचों को फाड़कर उसका तेल पीपों में भरकर आसानी से बेच रहे हैं। सीडीपीओ शबीना फातिमा ने बताया कि कालाबाजारी की जानकारी मिली है। जांच की जा रही है। कठोर कार्रवाई की जाएगी।