जहांगीराबाद (सीतापुर)। क्रिकेट प्रतियोगिता में जहांगीरशाह-बी टीम ने नाजिम इलेवन को आठ विकेट से हरा दिया। मैन ऑफ द मैच क्रिस को चुना गया। क्रिस ने पारी में सात छक्कों और 2 चौकों की सहायता से 57 रन बनाए और अंत तक आउट नहीं हुए। उन्होंने बाॅलर मुनीर के एक ही ओवर में 5 छक्के लगाकर 33 रन जुटाए।
नाजिम इलेवन के कप्तान नाजिम ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया। ओपनिंग बैट्समैन आकिब ने 19 गेंदों में चार छक्कों की सहायता से टीम के लिए 35 रन जोड़े।
सातवें ओवर में फरमान की गेंद पर मुन्ना मैक्सवेल ने कैच लपक लिया। अमन कुछ खास नहीं कर सके और 7 रन बनाकर रन आउट हो गए। जुनेद भी पांच गेंदों में महज 1 रन बनाकर फरमान की गेंद पर बोल्ड हो गए। इस प्रकार नाजिम इलेवन निर्धारित 8 ओवरों में 7 विकेट पर मात्र 83 रन ही बना पाई। जीत के लिए 84 रन का लक्ष्य लेकर मैदान पर उतरी जहांगीरशाह-बी टीम ने छठवें ओवर में ही मात्र दो विकेट खोकर लक्ष्य हासिल कर लिया।