जिला अस्पताल परिसर में लगे जाम के बीच फंसे लोग।
सीतापुर। जिला अस्पताल के अंदर पार्किग व्यवस्था ध्वस्त हो गई है। पूरे परिसर में बेतरतीब खड़े होते वाहन मरीजों व तीमारदारों के लिए मुसीबत बन गए है। अस्पताल गेट से लेकर इमरजेंसी गेट व पैथोलॉजी के रास्ते पर सोमवार को काफी संख्या में बाइक खड़ी रहीं। इससे एंबुलेंस को अंदर तक पहुंचने के लिए काफी देर तक इंतजार करना पड़ा। यह हाल तब है जब यहां पर सिक्योरिटी गार्डों की पार्किग व्यवस्था दुरूस्त करने के लिए तैनाती की गई है। सोमवार को अस्पताल में मरीजों की भारी भीड़ रही। परचा बनवाने से लेकर जांच करवाने तक में करीब तीन घंटे तक का समय लगा।
जिला अस्पताल में सुबह करीब 11 बजे अस्पताल गेट के पास कई वाहन खड़े थे। अपने वाहन से आए मरीज हर्ष ने पहले बेतरतीब खड़े वाहनों को हटवाया, उसके बाद वे अंदर घुस पाए। इमरजेंसी गेट व दवा काउंटर के पास भी वाहन खड़े रहे। इनके बीच से होकर मरीज जाने को मजबूर रहे।
इसी तरह पैथोलॉजी जाने वाले रास्ते पर भी वाहन खड़े रहे। एक एंबुलेंस पिछले गेट की तरफ से मरीज लेकर जा रही थी, लेकिन जाम की वजह से वह फंस गई। पैथोलॉजी के सामने कुछ वाहनों के लिए पार्किंग बनी हुई है। इस स्थान पर भी तमाम वाहन खड़े रहे। अस्पताल में करीब दो घंटे तक जाम की स्थिति बनी रही।