कमलापुर/सीतापुर। विद्युत उपकेंद्र का इंसुलेटर फुंकने से रविवार को 250 गांवों के लोगों को बिजली संकट से जूझना पड़ा। करीब 12 घंटे तक बिजली आपूर्ति ठप रही। इस दौरान लोग पेयजल संकट से भी परेशान हुए। चार लाख आबादी बेहाल रही।
कस्बा स्थित विद्युत उपकेंद्र से कमलापुर व जलालपुर फीडर को बिजली की आपूर्ति की जाती है। रविवार भोर 5 बजे लोड बढ़ने से उपकेंद्र में लगा 33 हजार लाइन का इंसुलेटर फुंक गया। इससे उपकेंद्र की बिजली आपूर्ति ठप हो गई।
इस वजह से कमलापुर व जलालपुर फीडर के दायरे में आने वाली लगभग 250 गांवों की चार लाख आबादी को बिजली संकट से जूझना पड़ा। रविवार को दिनभर बिजली गुल रहने से इन्वर्टर भी डिस्चार्ज हो गए। पानी का संकट गहराने से लोगों को दिक्कतें उठानी पड़ीं।
उमस भरी गर्मी में हर कोई बेचैन नजर आया। मरम्मत के बाद शाम चार बजे आपूर्ति बहाल हो पाई। मगर ट्रिपिंग की समस्या देर रात तक बनी रही। अवर अभियंता रवींद्र कुमार ने बताया कि उपकेंद्र में 33 हजार लाइन का इंसुलेटर फुंकने से समस्या आई थी। मरम्मत के बाद आपूर्ति सुचारु कर दी गई है।