सीतापुर। निकायों में संचालित योजनाओं की डीएम डॉ. राजागणपति आर ने कलेक्ट्रेट सभागार में समीक्षा की। तंबौर नगर पंचायत में वित्तीय वर्ष 2023-24 के वाटर कूलर स्थापना संबंधित कार्यों के अधूरे मिलने पर कड़ी नाराजगी जताई।
उन्होंने कार्यदायी संस्था को ब्लैक लिस्ट कराते हुए विधिक कार्रवाई करने के निर्देश दिए। साथ ही वित्तीय वर्ष 2023-24 के भुगतान लंबित होने और कार्यों में लापरवाही पर तंबौर नगर पंचायत के अधिशासी अधिकारी और जेई का वेतन कार्यों में सुधार होने तक रोके जाने के निर्देश दिए।
कहा कि तीन दिन में विशेष अभियान चलाते हुए बेसहारा गोवंश को गोआश्रय स्थलों में संरक्षित कराया जाए। सभी निकायों में अतिक्रमण हटवाएं। मुख्य चौराहों के चारों ओर 150 मीटर तक के अतिक्रमण को हटवाते हुए इसका सौंदर्यीकरण भी कराया जाए। सेवानिवृत्ति के बाद दिए जाने वाले लाभों से संबंधित लंबित प्रकरणों का तत्काल समाधान हो।