सीतापुर। जिलाधिकारी डॉ. राजा गणपति आर ने जय प्रकाश नारायण सर्वोदय विद्यालय बालिका, रहीमाबाद का शुक्रवार को औचक निरीक्षण कर व्यवस्थाएं देखीं। जिलाधिकारी ने विद्यालय परिसर में सीसीटीवी कैमरों की संख्या बढ़ाने के निर्देश दिए। इस दौरान 370 बच्चे उपस्थित मिले। जिला समाज कल्याण अधिकारी मोती लाल सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।
जिलाधिकारी ने कहा कि विद्यालय में पढ़ने वाले बच्चों को जूते-मोजे उपलब्ध कराएं। उन्होंने विद्यालय में लगे आरओ के पानी की गुणवत्ता की जांच करने के साथ किचन में जाकर बच्चों को दिए जा रहे भोजन के मेन्यू, मेडिकल कक्ष, लैब, पुस्तकालय व डाइनिंग टेबल आदि को भी देखा। उन्होंने कक्षा कक्ष में जाकर बच्चों से वार्ता करते हुए उनको मिल रही सुविधाओं के विषय में जानकारी ली। जिलाधिकारी ने कहा कि सभी कक्षा कक्षों में स्मार्ट बोर्ड लगवाए जाएं, जिससे बच्चों की पढ़ाई और सुगम हो सके। जिलाधिकारी ने शिक्षकों की उपस्थिति, उपचार के लिए चिकित्सक व उपस्थिति रजिस्टर के बारे में जानकारी ली। प्रधानाचार्य व लेखाकार को सभी रजिस्टरों को सुरक्षित रखने को कहा।
छात्रावास पहुंचकर देखी बेडशीट, शौचालय व अन्य सुविधाएं
जिलाधिकारी ने छात्रावास पहुंचकर बेडशीट, शौचालय व अन्य बुनियादी व्यवस्थाओं को देखा। निर्देश दिए कि शौचालय व विद्यालय की साफ-सफाई नियमित कराते रहें। डस्टबिन की संख्या बढ़ाई जाए। विद्यालय भवन की बाउंड्रीवाॅल की ऊंचाई कम होने पर इसे बढ़ाने के निर्देश दिए।