अवैध खनन कर बालू ले जा रही एक ट्रैक्टर-ट्रॉली को न छोड़ने पर महोली कोतवाल रंजना सचान दरोगा सलीम मलिक पर बिफर गईं। उन्होंने दरोगा को सुधर जाने की चेतावनी दी। दोनों के बीच मोबाइल पर हुई बातचीत का यह ऑडियो सोशल मीडिया पर वायरल होते ही हड़कंप मच गया। मामला संज्ञान में आने पर एसपी ने सीओ सदर को जांच के आदेश दिए हैं।
वायरल ऑडियो में महोली कोतवाली में तैनात उपनिरीक्षक सलीम मलिक से कोतवाल रंजना सचान मोबाइल पर एक बालू लदी ट्रैक्टर-ट्रॉली छोड़ने के लिए कह रही हैं। कोतवाल ने दरोगा सलीम को फटकारते हुए पकड़ी गई ट्रॉली छोड़ने को कहा।
वायरल ऑडियो में कोतवाल दरोगा से कह रही हैं कि आखिर किसके आदेश से तुमने ट्रॉली पकड़ी। कोतवाल ने तत्काल ट्रॉली छोड़ने को कहा। दरोगा के ना-नूकर करते ही वह बिफर गईं और एसपी के सामने पेश करने की चेतावनी दी।
उधर, दोनों अधिकारियों के बीच हुई बातचीत का यह ऑडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। पैसे के लेनदेन का यह मामला आला अधिकारियों के संज्ञान में आया तो सभी के होश उड़ गए। एसपी ने सीओ सदर को जांच सौंपी है।