सीतापुर। दिवाली पर घटिया गुणवत्ता की खाद्य सामग्री की बिक्री रोकने के उद्देश्य से खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन की टीम ने बृहस्पतिवार को शहर के विजयलक्ष्मी नगर स्थित मेसर्स लड्डू गोपाल (राणीसती स्वीट्स) का निरीक्षण किया। इस दौरान टीम ने दुकान पर बिक्री के लिए मौजूद आठ खाद्य पदार्थों के नमूने लेकर जांच के लिए प्रयोगशाला भेजे। जांच के दौरान साफ सफाई मानक के अनुसार न मिलने पर प्रतिष्ठान संचालक को सुधार नोटिस भी दिया।
मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी के नेतृत्व में जांच टीम ने निरीक्षण के दौरान प्रतिष्ठान से मंगदल, मिश्रित दूध, खोया के दो नमूने, छेना, पनीर, पेड़ा और बेसन का एक-एक नमूना लैब जांच के लिए संग्रहीत कर भेजा। इस दौरान मौके पर घटिया गुणवत्ता के मिले 15 किलोग्राम आलू और 12 किलोग्राम मिठाइयों को भी नष्ट कराने की कार्रवाई की गई। सहायक आयुक्त (खाद्य)-द्वितीय अमित कुमार सिंह ने बताया कि दिवाली तक खाद्य सामग्री बेचने वाली दुकानों की जांच का अभियान जारी रहेगा।