खैराबाद। नगर के मेवाती टोला निवासी मोहम्मद शकील की बुखार पीड़ित बेटी खदीजा शकील (8) की इलाज के दौरान सोमवार को मौत हो गई। परिजनों ने बताया कि उसका इलाज लखनऊ के एक निजी अस्पताल में चल रहा था। चिकित्सकों ने जांच के बाद छात्रा में डेंगू के लक्षण बताए थे। बालिका की मौत से पूरे परिवार में मातम पसरा है।
पिता मोहम्मद शकील के अनुसार बेटी को एक सप्ताह से बुखार आ रहा था। शुरूआत में उसका इलाज कस्बे के निजी अस्पताल में चल रहा था। बीते शुक्रवार को हालत बिगडने पर उसे सीतापुर के एक निजी अस्पताल ले जाया गया, जहां डाक्टरों ने जांच के बाद बच्ची में डेंगू के लक्षण बताए। इलाज के बाद भी फायदा न होने पर परिजनों ने बच्ची को लखनऊ लाकर एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया, जहां सोमवार को इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
छात्रा की मौत पर सोमवार को स्टडी प्वाइंट इंटर कॉलेज में शोक सभा का आयोजन कर सभी न श्रद्धांजलि भी अर्पित की गई। सीएचसी अधीक्षक डॉ. राहिल फरीद ने बताया कि स्वास्थ्य विभाग की टीम को मौके पर भेज कर डेंगू प्रभावित क्षेत्र में जांच कराई जाएगी।