महमूदाबाद। सदरपुर में बुधवार को सूचना मिलने पर एसडीएम ने छापा मारकर अवैध रूप से संचालित क्लीनिक और मेडिकल स्टोर को सील कर दिया है। कार्रवाई के दौरान संचालक कोई भी दस्तावेज नहीं दिखा सका। इसी आधार पर ये कार्रवाई की गई है।
एसडीएम महमूदाबाद पीएल मौर्य ने बताया कि सदरपुर में नसीम क्लीनिक के नाम से क्लीनिक और मेडिकल स्टोर संचालित हो रहा था। सूचना मिली थी कि ये अवैध तरीके से चलाया जा रहा है। सूचना के आधार पर बुधवार को सीएचसी अधीक्षक डॉ. अजय वर्मा, एसओ सदरपुर उमाकांत दीपक के साथ यहां पर छापा मारा।
एसडीएम ने बताया कि क्लीनिक पर एक गर्भवती भर्ती मिली। टीम ने क्लीनिक संचालक के बारे में जानकारी की। यहां पर मौजूद सफात अली ने बताया कि क्लीनिक की संचालिका लखनऊ में अपनी बहन के यहां वैवाहिक कार्यक्रम में गई हैं। एसडीएम ने बताया कि क्लीनिक और मेडिकल स्टोर के रजिस्ट्रेशन के नंबर मांगे गए तो कोई भी दस्तावेज नहीं मिले। इसी को लेकर मेडिकल और क्लीनिक को सील कर दिया गया है। मामले में जांच कराकर कार्रवाई की जाएगी।