मौसम के तेवर मंगलवार को तल्ख रहे। पारा उछलकर 37 डिग्री पर पहुंच गया। तपिश के साथ उमस से लोगों का बुरा हाल हो गया।
तपिश व तेज रफ्तार से चलने वाली गर्म हवा बदन झुलसाती रहीं। उमस में इजाफा होने से दिन भर लोग पसीना-पसीना होते रहे।
मंगलवार सुबह से ही तेज धूप असहनीय हो गई। 8 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चलने वाली गर्म हवाएं बदन झुलसाने लगीं।
दिन चढ़ने के साथ तपिश में भी इजाफा होता गया। दोपहर में धूप के तेवर देख लोग बाहर निकलने की हिम्मत नहीं जुटा सके। जिसके चलते शहर की सड़के व बाजारें सूनी रहीं।
गर्मी के तीखे तेवरों से सबसे ज्यादा स्कूली बच्चे बेहाल रहे। भीषण गर्मी की वजह से रह-रहकर हलक सूखने पर प्यास बुझाने को लोगों ने ठंडा पानी, कोल्डड्रिंक्स व आइसक्रीम का सेवन किया।
सूरज ढलने के बाद लोगों को तपिश से निजात जरूर मिली, पर उमस ने जरा भी मुरव्वत नहीं की। उमस का प्रकोप कम न होने से लोग बेहाल रहे। मौसम विशेषज्ञों के अनुसार मंगलवार को जिले का अधिकतम तापमान 37 डिग्री व न्यूनतम तापमान 26 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया।