महमूदाबाद (सीतापुर)। कोतवाली पुलिस ने एक महिला को गोली मारने के मामले में फरार चल रहे 25 हजार के इनामिया बदमाश को गिरफ्तार कर लिया है। उसके कब्जे से असलहा, कारतूस बरामद हुई है। सीओ महमूदाबाद रविशंकर प्रसाद ने बताया कि 12 जून को महमूदाबाद के सादीपुर गांव की रहने वाली महिला सुनीता को मजदूरी करने से मना करने पर गोली मारी गई थी।
मामले में महिला के पति भजनलाल की तहरीर पर सादीपुर गांव के ही रंजीत, उसके बेटे, साथी के खिलाफ केस दर्ज हुआ था। केस दर्ज करने के बाद पुलिस ने आरोपी रंजीत के बेटे और साथी को गिरफ्तार कर लिया था, जबकि रंजीत फरार चल रहा था। उसकी गिरफ्तारी के लिए एसपी आरपी सिंह ने 25 हजार का इनाम घोषित किया था।
सीओ ने बताया कि सूचना मिलने पर महमूदाबाद पुलिस ने इलाके के नहर कालोनी खंडहर गोदाम के पास से दबिश देकर इनामी रंजीत को गिरफ्तार कर लिया है। उसके कब्जे से असलहा-कारतूस बरामद किया गया है। सीओ ने बताया कि आरोपी रंजीत अपने साले के साथ मिलकर सीतापुर, बाराबंकी, हरदोई से बाइक चोरी करके बेचने का काम करता है। रंजीत पर 9 आपराधिक केस पहले से दर्ज हैं। आरोपी को जेल भेजने की कार्रवाई की गई है। (संवाद)