सीतापुर। इंग्लैंड से फोन कर मस्जिद के इमाम को हत्या की धमकी देने का मामला सामने आया है। धमकी मिलने के बाद से परिवार दहशत में है। पुलिस ने मौके पर पहुंच जांच की है।
बिसवां इलाके में लहरपुर मार्ग पर स्थित सहरी सरांय मोहल्ले के निवासी कारी मो. जमीर क्षेत्र के काजी टोला मोहल्ले की रजा मस्जिद के इमाम है। उनका घर सड़क के किनारे प्राथमिक स्कूल के पास है। तीन दिन पूर्व उनके मोबाइल पर एक अनजान नंबर से कॉल आई। इमाम के मुताबिक, कॉल करने वाले ने कहा कि, तुम्हारे पीछे आदमी लगे हुए हैं।
घर से बाहर निकलने पर मार दिए जाओगे। हत्या की धमकी मिलने के बाद डरे इमाम ने उस नंबर पर दोबारा कॉल की, लेकिन नंबर नॉट रिचेबल हो गया। बिसवां कोतवाल इंद्रजीत सिंह ने मौके पर पहुंचकर इमाम से पूरे घटनाक्रम की जानकारी ली। जिस नंबर से इमाम को कॉल की गई है, वह विदेशी नंबर हो सकता है। प्लस और 44 डिजिट से नंबर की शुरुआत है। बिसवां कोतवाल इंद्रजीत सिंह ने बताया कि इमाम के घर पहुंचकर जांच की है। पूरे मामले की जानकारी की गई है।
इंस्पेेक्टर इंद्रजीत सिंह ने इमाम के मोबाइल और जिस नंबर से कॉल की गई है, दोनों को सर्विलांस पर लगा दिया है। इंस्पेेक्टर का कहना है कि नंबर के बारे में जानकारी जुटाई जा रही है।
2018 में पड़ा था डाका, इमाम ने दबोचा था डकैत
कॉल कर दी गई हत्या की धमकी के बाद इमाम और उनके परिवार का डरना लाजिमी है। वर्ष 2018 में इमाम के घर डकैतों ने धावा बोल दिया था। जेवर और नकदी मिलाकर करीब 10 लाख का माल लूट ले गए थे।
डकैती डालने के दौरान इमाम मो. जमीर ने बहादुरी दिखाते हुए एक डकैत को पकड़ लिया था, इस पर उसने इमाम पर दो बार असलहे से फायर किया था, जो मिस हो गया था। इसके बाद उसने असलहे की बटों से सिर पर प्रहार कर उन्हें जख्मी कर दिया था। हालांकि, फिर भी इमाम ने उसे दबोचे रखा और परिवार और आसपास के लोगों की मदद से डकैत को पुलिस के हवाले कर दिया था।