सीतापुर। उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा परिषद ने हाईस्कूल व इंटर का रिजल्ट जारी कर दिया है। यूपी बोर्ड परीक्षा 2024 में नंबरों से असंतुष्ट विद्यार्थी अपनी उत्तरपुस्तिकाओं का दोबारा मूल्यांकन करवा सकते हैं। यूपी बोर्ड की वेबसाइट पर जाकर 14 मई तक आवेदन कर सकते हैं।
यूपी बोर्ड का रिजल्ट जारी होने के बाद विद्यार्थियों को दोबारा मूल्यांकन के लिए एक माह का समय दिया गया है। इस दौरान वह अपने प्रश्नों के उत्तर व अंकपत्र से मिलान कर सकते हैं। अगर उन्हेंं यह महसूस हो रहा है कि उत्तर के अनुसार उन्हें नंबर नहीं मिले हैं तो उनके लिए यह आखिरी मौका है।
वह स्क्रूटनी के लिए आवेदन कर सकते हैं। इसके लिए वह माध्यमिक शिक्षा परिषद की वेबसाइट पर जाकर ऑनलाइन आवेदन 14 मई तक कर सकते हैं। प्रति विषय 500 रुपये फीस देनी होगी। यह फीस राजकीय कोषागार में जमा होगी। आवेदन व कोषागार की फीस की रसीद रजिस्टर्ड डाक से शिक्षा परिषद को भेजना होगा। इसके बाद उन्हें नए सिरे से रिजल्ट जारी किया जाएगा।
कर सकते हैं आवेदन
रिजल्ट से असंतुष्ट विद्यार्थी दोबारा मूल्यांकन के लिए आवेदन कर सकते हैं। 14 मई तक विद्यार्थियों को समय दिया गया है। बताया कि स्क्रूटनी के बाद विषय में मिले नंबर ही सही माने जाएंगे।
राजेंद्र सिंह, डीआईओएस