सीतापुर। हरगांव थाना क्षेत्र मेें मंगलवार दोपहर एक ग्रामीण ने अवैध संबंध के शक में अपनी अधेड़ पत्नी की धारदार से काटकर हत्या कर दी। वारदात के वक्त आरोपी के बेटे खेत में धान की रोपाई करने गए थे और उसकी पत्नी घर में अकेली थी। हत्या के बाद आरोपी पड़ोस के ही गांव में रिश्तेदार के यहां भाग गया, मगर पुलिस ने उसे वहां से दबोच लिया। पुलिस आरोपी पति से पूछताछ कर रही है। खबर पाकर पुलिस अधिकारी भी मौके पर पहुंच गए थे। पुलिस का कहना है कि शव पोस्टमार्टम के लिए भेजकर छानबीन की जा रही है।
हरगांव थाना क्षेत्र के बरूआ मजरा मजिगवां निवासी रामरानी (45) पत्नी रामआधार की मंगलवार दोपहर घर में ही धारदार हथियार से काटकर हत्या कर दी गई। रामरानी के बेटों का कहना है कि वे लोग खेत में धान की रोपाई करने गए थे। इस बीच उनके पिता रामआधार ने ही उनकी मां की धारदार हथियार से काटकर हत्या कर दी।
मृतका के बेटे बलजीत का कहना है कि उसके पिता को शक था कि उसकी मां के किसी से अवैध संबंध हैं। इसी शक में उसके पिता आए दिन मां से झगड़ते थे। उसका आरोप है कि मंगलवार को जब वह अपने भाइयों के साथ खेत गया था। इस बीच उसके पिता ने घर में मां को अकेली पाकर धारदार हथियार से कई वार कर हत्या कर दी। वारदात अंजाम देने के बाद आरोपी क्षेत्र के ही विष्णुपुर गांव में अपनी रिश्तेदार के घर भाग गया था।
इधर खबर पाकर पुलिस व मृतका के बेटे मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजने के साथ ही हत्या आरोपी रामआधार की तलाश शुरू कर दी। सूत्रों से मिली जानकारी के आधार पर पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए विष्णुपुर गांव से आरोपी को दबोच लिया। पुलिस उससे पूछताछ कर रही है। घटना को लेकर मृतका के बेटे ने तहरीर दी है। एसओ कुलदीप तिवारी का कहना है कि शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा जा रहा है। तहरीर के आधार पर केस दर्ज कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
मृतका रामरानी के तीन बेटे सर्वजीत, बलजीत व दीपू के अलावा एक बेटी सर्वती है। सर्वती की शादी हो चुकी है। अभी लड़कों की शादी नहीं हुई है। इस घटना से पूरे परिवार में कोहराम मच गया है। बेटी-बेटों का रो-रोकर बुरा हाल है।
हरगांव के बरूआ मजरा मजिगवां में महिला के कत्ल की खबर पाते ही हरगांव इंस्पेक्टर कुलदीप तिवारी मय फोर्स के मौके पर पहुंच गए। साथ ही सीओ सदर महेंद्र प्रताप सिंह भी पहुंच गए। घटना को गंभीरता से लेते हुए घटनास्थल पर लहरपुर इंस्पेक्टर ओपी राय, महोली इंस्पेक्टर राजेंद्र शर्मा व इमलिया सुल्तानपुर एसओ मनोज कुमार यादव को मय हमराही फोर्स के बुला लिया गया था। पूरा गांव छावनी में तब्दील हो गया।