महोली। क्षेत्र के ककरहिया गांव में मंगलवार दोपहर खाना बनाते समय एक घर में लगी आग ने विकराल रूप धारण कर लिया। देखते ही देखते पांच घरों की गृहस्थी का सारा सामान जल गया। आग बुझाने के दौरान पांच ग्रामीण झुलस गए। दमकल टीम ने करीब दो घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।
ग्रामीणों के अनुसार, ककरहिया निवासी महेश के घर में पड़े छप्पर के नीचे मंगलवार को खाना बनाया जा रहा था। इसी दौरान अचानक छप्पर में आग लग गई। कुछ ही देर में लपटों ने विकराल रूप ले लिया। आसपास के चार अन्य मकान आग की चपेट में आकर जलने लगे। ग्रामीणों ने आग बुझाने का भरसक प्रयास किया, लेकिन लपटें तेज होती गईं। सूचना पर पहुंची दमकल टीम ने दो घंटे में आग पर काबू पाया।
आग से महेश, इंद्रपाल, दुनिया दयाल, श्यामू व रामभरोसे के घर में रखा सारा सामान, अनाज व नकदी भी जल गई। आग बुझाने की कोशिश में महेश, राम भरोसे, कालीचरन, किरन व दुनिया दयाल झुलस गए। पांचों लोगों को एंबुलेंस से सीएचसी पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद सभी को घर भेज दिया गया है। अग्निकांड में तीन मवेशी भी झुलस गए। तीनों का उपचार किया जा रहा है।
तहसीलदार अंकुर यादव ने बताया कि क्षति का आकलन किया जा रहा है। सभी को आर्थिक सहायता उपलब्ध कराई जाएगी।
दो घरों में शादी का सामान भी जल गया
महेश ने बताया कि 19 अप्रैल को उनके बेटे हरिश्चंद्र की वरीक्षा व 25 अप्रैल को शादी है। शादी के लिए रखी 20 हजार की नकदी, जेवर, गल्ला, कपड़े, बर्तन, दो गैस सिलिंडर आदि सामान जल गया। दुनिया दयाल ने बताया कि उनकी बेटी रोशनी की 30 अप्रैल को शादी होनी है। दहेज में देने के लिए बाइक खरीदकर लाए थे। आग लगने से बाइक भी जल गई। इसके अलावा गल्ला, कपड़े, बर्तन व पंपिंग सेट समेत गृहस्थी का सारा सामान जल गया।