सीतापुर में वोट मांगने पर मां ललिता देवी मंदिर में इंस्पेक्टर से हॉट-टॉक के बाद पूर्व विधायक को नजरबंद किया गया है। पूर्व विधायक ने इंस्पेक्टर पंकज तिवारी पर सपा मतदाताओं को धमकाने का आरोप लगाया है।
यूपी के सीतापुर में नैमिषारण्य स्थित मां ललिता देवी मंदिर परिसर में रविवार को पूर्व विधायक और इंस्पेक्टर के बीच हॉट-टॉक हो गई। मामले का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
विज्ञापन
दरअसल, सोमवार को नगर पालिका मिश्रिख में अध्यक्ष पद के लिए मतदान होना है। वीडियो में देखा जा सकता है कि अनूप गुप्ता के साथ पूर्व मंत्री रामपाल राजवंशी मंदिर पहुंचे हैं। इस दौरान इंस्पेक्टर पंकज तिवारी कह रहे हैं कि आप मंदिर में वोट नहीं मांग सकते हैं। केवल दर्शन करके यहां से निकल लीजिए। आप प्रत्याशी नहीं हैं।
इस पर अनूप गुप्ता ने कहा कि मैं दर्शन के लिए आया हूं। आप रोक नहीं सकते हैं। अगर, हम वोट नहीं मांग सकते हैं तो दूसरे दल के लोग कैसे वोट मांग कर रहे हैं। इस पर इंस्पेक्टर ने कहा कि अंतिम चेतावनी देता हूं कि दर्शन कर चुके हैं। आप तत्काल यहां से निकल जाइए। पूर्व मंत्री दोनों लोगों को समझा रहे हैं।
पूर्व सपा विधायक नजरबंद, इंस्पेटर पर बूथ न आने की धमकी का आरोप
सपा के पूर्व विधायक अनूप गुप्ता ने नैमिषारण्य इंस्पेक्टर पंकज तिवारी पर सपा मतदाताओं को धमकाने का आरोप लगाया है। सोशल मीडिया साइट एक्स पर पोस्ट करते हुए उन्होंने लिखा कि मिश्रिख नगर पालिका चुनाव को लेकर मुझे नजरबंद कर दिया गया है। इंस्पेक्टर पंकज तिवारी खुलेआम भाजपा की तरफ से शराब बंटवा रहे हैं। सपा कार्यकर्ताओं को वोट न करने की धमकी दे रहे हैं। इंस्पेक्टर कह रहे हैं कि नैमिषारण्य में वोट प्रतिशत बहुत कम रहेगा। पूर्व विधायक ने चुनाव आयोग से तत्काल संज्ञान लेकर सत्ता की दखलदांजी पर अंकुश लगाने की मांग की।