सीतापुर। वायरल फीवर के बाद अब डेंगू के मामले सामने आने लगे हैं। जिला अस्पताल में डेंगू के एक मरीज को भर्ती किया गया है। रोजाना आठ से 10 डेंगू के संदिग्ध मरीज जिला अस्पताल पहुंच रहे हैं।
जिला अस्पताल में इलाज कराने आए एलिया विकासखंड के पिपरीकलां निवासी सचिन वर्मा (20) को तेज बुखार आ रहा था। इस पर चिकित्सकों ने उसकी जांच करवाई। इसमें वह संक्रमित मिला। उन्हें मेडिकल बी वार्ड में भर्ती करा दिया गया है। जिला अस्पताल के सीएमएस डॉ. आरके सिंह ने बताया कि मरीज का इलाज के बाद स्वास्थ्य में सुधार है। मरीज की हालत सामान्य है। ओपीडी में आठ से 10 मरीज ऐसे आते हैं, जिनमेें डेंगू के लक्षण दिखाई देते हैं।
गंदा पानी न होने दें जमा
सीएमएस डॉ. आरके सिंह ने बताया कि डेंगू का मच्छर साफ पानी में पनपता है। इसलिए अपने घर के कूलर का पानी बदलते रहें। आसपड़ोस गंदा पानी न जमा होने दें। रात में मच्छरदानी का प्रयोग करें। फुल आस्तीन के कपड़े पहनें। डेंगू का मच्छर सुबह शाम काटता है। इसलिए इस समय मच्छर से बचने का विशेष प्रयास करें।
घंटों इंतजार के बाद मिला बेड
जिला अस्पताल में इस समय मरीजों की बढ़ती तादाद के कारण बेड फुल हो रहे हैं। गुरुवार को बुद्धिलाल को सांस लेने में दिक्कत के चलते जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। मेडिकल ए व बी किसी भी वार्ड में बेड खाली नहीं था। ऐसे में वह घंटों बेड के इंतजार में स्ट्रेचर पर ही लेटे रहे। उसके बाद काफी प्रयास करके उनको बेड मिल सका।
जिले में डेंगू से रोकथाम के लिए जन जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। लोगों को संक्रामक रोगों से बचाव के लिए जानकारी दी जा रही है। जिले में डेंगू को लेकर जिला अस्पताल में 10 वार्ड रिजर्व हैं। कहीं पर दवाओं की कोई दिक्कत नहीं है।
- डॉ. मधु गैरोला, सीएमओ