कुंवरगड्डी। अटरिया के मदारीपुर मजरा अहेवा गांव निवासी होमगार्ड निर्मल कुमार (38) की सोमवार रात सड़क हादसे में मौत हो गई। परिजनों के अनुसार निर्मल वर्ष 2011 में होमगार्ड बने थे। वह सोमवार रात सिधौली कोतवाली में ड्यूटी करने के बाद बाइक से घर लौट रहे थे। अटरिया में नीलगांव मार्ग पर भगौतीपुर पुलिस चौकी के पास सामने से आ रही बाइक से उनकी बाइक की सीधी भिड़ंत हो गई। दूसरी बाइक पर नीलगांव के मजरा गुलालपुर गांव निवासी रजनीश (28) सवार थे। हादसे में दोनों बाइक सवार गंभीर रूप से घायल हो गए।
स्थानीय लोगों के अनुसार दोनों ने हेलमेट नहीं पहना था। यूपी-112 की पुलिस ने घायल होमगार्ड निर्मल कुमार को अपने वाहन से सीएचसी सिधौली पहुंचाया। दूसरे घायल रजनीश को भी सीएचसी लाया गया। चिकित्सक ने निर्मल को लखनऊ के ट्रामा सेंटर रेफर कर दिया। परिजनों ने उन्हें लखनऊ के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। वहीं, घायल रजनीश का जिला अस्पताल में इलाज जारी है। उनकी स्थिति सामान्य बताई जा रही है। सीओ वेदप्रकाश ने बताया कि तहरीर के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।