कलेक्ट्रेट में महाकुंभ का पवित्र जल भरते कर्मचारी व अन्य लोग। संवाद
सीतापुर। अगर आप महाकुंभ नहीं पहुंच पाए और संगम में स्नान से वंचित रह गए हैं तो आपके लिए अच्छी खबर है। महाकुंभ का पवित्र जल अब आपको शहर में ही मिल जाएगा। शासन की ओर से महाकुंभ न पहुंच पाने वाले लोगों के लिए यह सुविधा उपलब्ध कराई गई है।
अग्निशमन विभाग के वाहन से महाकुंभ का पवित्र जल सोमवार को कलेक्ट्रेट पहुंचा है। डीएम अभिषेक आनंद ने पवित्र जल से आचमन के बाद जनमानस में जल का वितरण किया। महाकुंभ का पवित्र जल आप भी अपने शहर में ही प्राप्त कर सकते हैं।
महाकुंभ के त्रिवेणी संगम का पवित्र जल शहर पहुंचने पर लोगों में खास उत्साह देखा गया। कलेक्ट्रेट में अधिकारी, कर्मचारी व फरियादियों के साथ अन्य लोगों ने महाकुंभ के जल से आचमन किया। इसके बाद लोग बोतलों में पवित्र जल भरकर अपने-अपने घर ले गए।
कलेक्ट्रेट कर्मचारी श्रीष गुप्ता ने बताया कि महाकुंभ के त्रिवेणी संगम का जल पाकर बहुत आनंद मिल रहा है। इसके साथ ही अग्निशमन विभाग के कर्मचारियों का भी बहुत आभार है जो पवित्र जल लेकर आए हैं।
राहुल वर्मा ने बताया कि किन्हीं कारणों के चलते महाकुंभ नहीं जा पाया था लेकिन आज संगम का पवित्र जल पाकर भाव-विभोर हो गया। मैं इसके लिए मुख्यमंत्री जी के साथ-साथ सभी अधिकारियों का आभार प्रकट करता हूं। इसके साथ ही अग्निशमन विभाग के वाहन से महाकुंभ का पवित्र जल एसपी ऑफिस में भी पुलिस कर्मियों को वितरित किया गया।