सीतापुर के खैराबाद टोल प्लाजा पर हंगामा करते लोग।
- फोटो : अमर उजाला
कमलापुर में रविवार देर शाम सड़क हादसे में स्वास्थ्यकर्मी की मौत के बाद सोमवार को उसके परिवारीजन ने भारी संख्या में लोगों के साथ पहुंच कर खैराबाद टोल प्लाजा पर जाम लगा दिया। पुलिस व प्रशासनिक अफसरों के समझाने के बाद लोगों ने आवागमन बहाल होने दिया।
खैराबाद के कैथी टोला निवासी जीतेंद्र कुमार (25) पुत्र शांतिस्वरूप स्वास्थ्य विभाग के पोलिया अभियान से जुड़ा था। इसी सिलसिले में रविवार को वह पहला ब्लॉक गया था। देर शाम बाइक से लौटते वक्त कमलापुर में अज्ञात चौपहिया वाहन की टक्कर से उसकी मौत हो गई थी।
सोमवार को परिवारीजन व रिश्तेदार खैराबाद स्थित टोल प्लाजा पहुंचे। यहां इन लोगों ने टोल कर्मियों से जीतेंद्र को टक्कर मारने वाले वाहन का नंबर आदि पता करने लगे। इस बीच वहां भीड़ और बढ़ गई। पहले टोल कर्मियों से भीड़ में शामिल लोगों की तीखी नोकझोक हुई, जिसके बाद इन लोगों ने वाहनों का आवागमन बाधित कर जाम लगा दिया।
साथ ही मृतक आश्रितों के लिए मुआवजे की भी मांग करने लगे। हाईवे जाम की खबर पाकर सिटी मजिस्ट्रेट जेपी गुप्ता, सीओ सिधौली अजीत कुमार रजक, खैराबाद व कमलापुर पुलिस पहुंच गई। इस दरम्यान टोल प्लाजा पर दो घंटे जाम लगा रहा। जिससे दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। अफसरों के समझाने पर लोगों का गुस्सा श्ाांत होने पर आवागमन बहाल हो सका।