सीतापुर। जिले में सांसद और विधायक निधि से 1.23 करोड़ रुपये की लागत से विकास और जनसुविधाओं से जुड़े 23 कार्य कराए जाएंगे। इसमें पेयजल व्यवस्था बेहतर बनाने के लिए वाटर कूलर लगवाने, सड़कों पर इंटरलॉकिंग, नाली निर्माण, हाईमास्ट लाइटों की स्थापना और यात्रियों के लिए प्रतीक्षालय बनवाने के कार्य शामिल हैं। इन कार्यों को कराने के लिए ग्रामीण अभियंत्रण विभाग को बतौर कार्यदायी संस्था नामित किया गया है। संबंधित विभाग की तरफ से प्रस्तावित कार्यों को कराने की निविदा प्रक्रिया भी शुरू कर दी गई है।
तैयार कार्ययोजना में विधायक निधि योजना से जुड़े 13 और सांसद निधि योजना के 10 कार्य कराए जाएंगे। इन सभी कार्यों पर अनुमानित खर्च करीब 1.23 करोड़ रुपये आएंगा। निर्माण कार्यों को पूरा करने के लिए तीन महीने की अवधि तय की गई है। विधायक निधि से होने वाले कार्यों पर करीब 70.79 लाख रुपये खर्च होंगे। इनमें विभिन्न सार्वजनिक संस्थानों में वाटर कूलर लगवाने के साथ शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों में इंटरलॉकिंग व नाली निर्माण के कार्य शामिल हैं। इसके अलावा महमूदाबाद क्षेत्र में जलनिकासी और आवागमन की सुविधा बेहतर बनाने के लिए भी निर्माण कार्य प्रस्तावित हैं। ग्रामीण क्षेत्रों में संपर्क मार्गों पर इंटरलॉकिंग कराने से आवागमन सुविधा भी बेहतर बनेगी।
इसी तरह सांसद निधि से कराए जाने वाले कार्यों पर करीब 52.59 लाख रुपये की लागत आएगी। इनमें सार्वजनिक स्थानों पर हाईमास्ट लाइट लगवाने, ग्रामीण क्षेत्रों में इंटरलॉकिंग और नालियों का निर्माण कराने के कार्य शामिल हैं। इन कार्यों के माध्यम से गांवों में रास्तों को बेहतर बनाने के साथ जलनिकासी की समस्या दूर करने के साथ सार्वजनिक स्थानों पर प्रकाश व्यवस्था बेहतर बनाने पर जोर रहेगा। ग्रामीण अभियंत्रण विभाग के अधिशासी अभियंता रवि प्रताप सिंह ने बताया कि कार्य कराने के लिए टेंडर प्रकाशित किया गया है। निविदा जमा करने की अंतिम तिथि 30 अक्तूबर निर्धारित की गई है। इसके बाद कार्यदायी संस्था के माध्यम से निर्माण कार्य पूरा कराने की प्रक्रिया आगे बढ़ाई जाएगी।