सीतापुर। हेपेटाइटिस की प्रमुख जांच वायरल लोड जिला अस्पताल में दो माह से ठप चल रही है। इन हालात में लखनऊ मेडिकल कॉलेज जांच भेजी जाती है। केजीएमयू से रिपोर्ट आने में 15-20 दिन लग रहे हैं। ऐसे में मरीजों की हालत बिगड़ रही है। प्राइवेट में यह जांच काफी महंगी होती है।
जिला अस्पताल में करीब ढाई साल से हेपेटाइटिस का इलाज चल रहा है। इस बीमारी की महंगी जांच व दवाएं अस्पताल में फ्री में उपलब्ध करवाई जाती है। वायरल लोड इसकी प्रमुख जांच है। यह जांच अस्पताल की डीएसएल लैब में होती है।
प्राइवेट में इस जांच पर करीब 3500-6500 रुपये खर्च होते है। यह जांच शुरू होने से मरीजों को काफी राहत मिल गई थी। इससे उनको लखनऊ नहीं दौड़ना पड़ता था।
इधर, जिम्मेदारों की लापरवाही के चलते जांच बंद हो गई है। अस्पताल आने वाले मरीजों का सैंपल लेकर केजीएमयू लखनऊ भेजा जाता है। इससे मरीजों में समय से बीमारी की जानकारी न मिल पाने से उनके इलाज में देरी होती है। इससे उनकी हालत गंभीर हो जाती है।