सीतापुर। जिले की बिजली व्यवस्था सुदृढ़ की जाएगी। 20 करोड़ रुपये से जर्जर तार बदले जाने के साथ उपकेंद्रों की क्षमता वृद्धि होगी। टूटे पोल हटाकर उनकी जगह पर नए खंभे लगाए जाएंगे। अतिरिक्त बिजनेस प्लान 2023-24 के तहत ये काम होंगे। छह माह में कार्य पूरा करने का लक्ष्य तय किया गया है।
विद्युत वितरण खंड प्रथम, द्वितीय, महमूदाबाद व बिसवां में 48 लाख से जर्जर तार हटाए जाएंगे। पांच लाख रुपये खर्च कर स्टोर रूम का कायाकल्प। इसके अलावा 20 लाख रुपये से टेस्टिंग उपकरण खरीदे जाएंगे। 8.8 करोड़ रुपये खर्च कर 33 केवी सब स्टेशन बरगांवा, रामकोट, नैमिषारण्य ग्रामीण, पिसावां, संदना, काजी कमालपुर, तंबौर, न्यू हरगांव, कंदुनी, रेउसा और कंचनपुर उपकेंद्र की क्षमता वृद्धि की जाएगी।
इसके अलावा सिटी पॉवर हाउस, नैमिषारण्य टाउन, नैमिषारण्य ग्रामीण, नैपालापुर, देवगनपुर फीडर, सब स्टेशन पिसावां की सवा दो करोड़ रुपये से केबल बदले जाएंगे। विद्युत वितरण प्रथम के सात उपकेंद्रों की क्षमता वृद्धि पर करीब 8 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। करीब 14 लाख से अन्य कार्य कराए जाएंगे। अधीक्षण अभियंता नंदलाल ने बताया कि जिले में बिजली व्यवस्था में सुधार के लिए काम तेजी से प्रारंभ कर दिए गए हैं। अतिरिक्त बिजनेस प्लान के तहत ये सभी कार्य कराए जा रहे हैं। इससे उपभोक्ताओं को बिना किसी व्यवधान के निर्बाध बिजली मिल सकेगी।