हरगांव (सीतापुर)। अवध शुगर एंड एनर्जी लिमिटेड में नए पेराई सत्र का सोमवार से शुभारंभ होगा। मिल की ओर से 2 लाख क्विंटल का इंडेंट जारी किया गया है। खरीद के लिए 82 क्रय केंद्र बनाए गए हैं। इस बार पेराई क्षमता में इजाफे की कवायद की जा रही है। रविवार को मिल अफसरों ने बैठक कर तैयारियों की समीक्षा की।
जिले में चार निजी व एक सरकारी चीनी मिल है। हरगांव शुगर मिल का पेराई सत्र चार नवंबर से शुरू हो रहा है। इसे लेकर सभी तैयारियां पूरी कर ली गईं हैं। रविवार को मिल के अधिशासी अध्यक्ष एके दीक्षित ने अधिशासी उपाध्यक्ष शूरवीर सिंह, गन्ना महाप्रबंधक शरद सिंह व प्रमोद कुमार, आनंद गुप्ता, अनिल शर्मा समेत अन्य अधिकारियों के साथ बैठक कर तैयारियों की समीक्षा करते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
अधिशासी अध्यक्ष एके दीक्षित ने बताया कि मिल में कई आधुनिक एवं बड़ी क्षमता की मशीनें स्थापित की गई हैं। जिससे पेराई क्षमता में इस बार वृद्धि होगी। अधिशासी उपाध्यक्ष (गन्ना) शरद सिंह ने बताया मिल में लगभग 1 लाख 31 हजार 465 सट्टाधारक किसान मिल को गन्ना आपूर्ति करते हैं। गन्ने का क्षेत्रफल लगभग 80 हजार हेक्टेयर है।
मिल की ओर से इस सत्र में 2 करोड़ क्विंटल गन्ना पेराई का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। मिल क्षेत्र के समस्त 82 क्रय केंद्र स्थापित किए जा चुके हैं। मिल गेट सहित 45 क्रय केंद्रों पर तौल के लिए 2 लाख क्विंटल इंडेंट जारी कर दिया गया है। गन्ना क्रय केंद्रों पर खरीद सोमवार से शुरू हो जाएगी। उन्होंने किसानों से कहा कि शरदकालीन बोआई में सीओ 15023 व सीओ 0118 के साथ सहफसली लेकर अतिरिक्त लाभ कमा सकते हैं। साफ सुथरा गन्ना ही चीनी मिल को आपूर्ति करें।