सीतापुर। रेलवे ट्रैक पर गर्डर डाले जाने के कारण हरगांव स्थित रेलवे क्रॉसिंग एक अप्रैल से बंद रहेगी। छह अप्रैल की शाम छह बजे तक आवागमन बंद रहेगा। इस दौरान लोगों को बदले हुए रूट से सफर करना पड़ेगा।
हरगांव में रेलवे क्राॅसिंग समपार संख्या 99 है। एक सप्ताह पूर्व ट्रैक पर स्टील का गर्डर डाला जाना था लेकिन किन्हीं कारणों के चलते काम नहीं हो पाया। अब एक अप्रैल को शाम छह बजे से क्राॅसिंग बंद कर गर्डर डाला जाएगा। छह अप्रैल को शाम छह बजे तक काम चलेगा और हरगांव स्थित रेलवे क्रॉसिंग बंद रहेगी। इसके बाद 13 अप्रैल से 18 अप्रैल तक फिर क्रॉसिंग बंद रहेगी।
सीतापुर से लखीमपुर खीरी जाने वाले समस्त मालवाहक/भारी वाहन बिजवार पुल से न जाकर सीधे महोली होते हुए मैगलगंज, मितौली, कस्ता, बेहजम से छाऊ चौराहा होकर लखीमपुर खीरी जा सकेंगे। बस व छोटे वाहन बिजवार पुल से होकर हरगांव तक जा सकेंगे। फिर हरगांव स्थित महोली तिराहे से बाएं मुड़कर काजी कमालपुर चौराहे से होते हुए लखीमपुर खीरी जा सकेंगे। इसी चौराहे से होते दाएं मुड़कर वह लहपुर होकर लखीमपुर खीरी जा सकेंगे।
हरगांव चीनी मिल जाने वाले गन्ने के ट्रक बिजवार पुलिस से होकर हरगांव जा सकेंगे। यातायात निरीक्षक फरीद अहमद ने बताया कि सभी लोग बदले हुए रूट से यात्रा करें तो उनको आवागमन में दिक्कत नहीं होगी।