फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Sitapur News: हर-हर महादेव के उद्घोष से गूंजे शिवालय

Wed, 05 Jul 2023 12:16 AM IST
लखनऊ ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, सीतापुर
विज्ञापन
विज्ञापन
सीतापुर। सावन माह के पहले दिन मंगलवार को जिले के शिवालय हर-हर महादेव और बम-बम भोले के उद् घोष से गूंज उठे। भक्तों ने शिवलिंग पर भांग, धतूरा, बेलपत्र, पुष्प, दुग्ध, दही, गन्ना, गंगाजल और शहद अर्पित कर पारंपरिक विधि-विधान से पूजन-अर्चन किया।
विज्ञापन

नगर के पौराणिक श्याम नाथ मंदिर में भोले भंडारी के दर्शन और पूजा के लिए श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ पड़ी। इसके अलावा जंगलीनाथ मंदिर और ताड़कनाथ मंदिर में भी सुबह से ही भक्तों के पहुंचने का सिलसिला शुरू हो गया था। शिव मंदिरों के बाहर सुबह से ही पूजा सामग्री और फूल-माला की दुकानें भी सज गईं। दर्शन-पूजन का क्रम दिन भर चलता रहा। नैमिषारण्य के देवदेवेश्वर मंदिर में शिव भक्तों ने जलाभिषेक कर पूजन किया। गोमती नदी के निकट स्थित रुद्रावर्त तीर्थ, चक्रतीर्थ स्थित भूतेश्वर महादेव मंदिर में भी भक्तों ने शिव जी को जल, बेलपत्र, दूध, मीठा व फल चढ़ाकर पूजन किया।
दंडवत करते पहुंचे भक्त
लहरपुर क्षेत्र के प्रसिद्ध बाबा जंगली नाथ मंदिर में अपने आराध्य देव भगवान शंकर के दर्शन के लिए भक्त दंडवत करते हुए पहुंचे। वहीं, बाबा कामेश्वर नाथ धाम, जंगली नाथ, भोलिया बाबा, रामेश्वर धाम, ओमकारेश्वर मंदिर, मनकामेश्वर नाथ, दयालु बाबा मंदिर, सत्योश्वर महादेव मंदिर में भी श्रद्धालुओं ने पूजा अर्चना की। बिसवां के पत्थर शिवाला, रामकोट के रामेश्वरधाम, सिधौली के सिद्धेश्वर महादेव मंदिर, कमलापुर के नागेश्वर नाथ धाम में पूरे दिन घंटा-घड़ियाल और हर-हर महादेव के उद्घोष गूंजते रहे।
विज्ञापन


इस सावन पड़ेंगे आठ सोमवार, 13 वर्षों बाद बना संयोग
13 वर्षों के बाद सावन मास में अधिक मास का संयोग बन रहा है। जिसके चलते सावन 59 दिनों का होगा। इस बार सावन में आठ सोमवार पड़ेंगे। शिव मंदिरों में 59 दिन पूजा अनुष्ठानों की धूम रहेगी।

रुद्राभिषेक के लिए अग्रिम बुकिंग शुरू
नैमिषारण्य/सीतापुर। शिव मंदिरों में रुद्राभिषेक, जलाभिषेक आदि अनुष्ठानों के लिए अग्रिम बुकिंग शुरू हो गई है। नैमिष के प्रसिद्ध सिद्धेश्वर मंदिर के संरक्षक आचार्य सतानंद द्विवेदी ने बताया कि सावन और अधिक मास में सोमवार व शुक्रवार को रुद्राभिषेक के लिए बड़ी संख्या में भक्त यहां आते हैं। भक्तों को अपेक्षित समय के अनुसार रुद्राभिषेक आदि पूजन की बुकिंग की सुविधा दी गई है। इसके लिए श्रद्धालु फोन नंबर के माध्यम से संपर्क कर अपना पूजन बुक कराते हैं। देवदेवेश्वर मंदिर के प्रबंधक लालता प्रसाद ने बताया कि भक्तों की बड़ी संख्या को देखते हुए रुद्राभिषेक आदि पूजन के लिए भक्तों से अग्रिम बुकिंग के लिए कहा जा रहा है, ताकि उन्हें कोई समस्या न हो। फोन नंबर के माध्यम से ही बुकिंग की जाती है।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें