सीतापुर। जिले के 62 राजकीय स्कूलों के पाठ्यक्रम में प्रयागराज स्थित आंग्ल भाषा शिक्षण संस्थान की विशेष हैंडबुक को शामिल किया जाएगा। इसके तहत जिले के 36 राजकीय हाईस्कूल और 26 राजकीय इंटर कॉलेजों को यह पुस्तक मुहैया कराई जाएगी। मंडलीय विज्ञान प्रगति अधिकारी डॉ दिनेश कुमार ने बताया कि माध्यमिक स्तर के विद्यार्थियों में अंग्रेजी व्याकरण को मजबूत करने के लिए इसे पाठ्यक्रम में शामिल किया गया है।
मंडलीय विज्ञान प्रगति अधिकारी डॉ दिनेश कुमार ने बताया कि महानिदेशक स्कूल शिक्षा व राज्य परियोजना निदेशक के निर्देश पर आंग्ल भाषा शिक्षण संस्थान ने हैंडबुक ऑफ ग्रामर एंड कंपोजिशन राइटिंग फ़ॉर सेकेंडरी क्लासेज तैयार की गई है। यह हैंडबुक राजकीय माध्यमिक विद्यालयों में अध्ययनरत विद्यार्थियों में अंग्रेजी के व्याकरण को अतिरिक्त मजबूती देगी। पहले चरण में इसे राजकीय माध्यमिक विद्यालयों में अंग्रेजी शिक्षकों को उपलब्ध कराया जाएगा। प्रत्येक विद्यालय को एक पुस्तक दी जाएगी। यह अंग्रेजी व्याकरण शिक्षण में सहायता करेगी। यह पुस्तक डाक से जिले के सभी राजकीय स्कूलों को उपलब्ध कराई जा रही है। बताया कि जल्द यह हैंडबुक आंग्ल भाषा शिक्षण संस्थान की आधिकारिक वेबसाइट www.eltiup.org पर भी अपलोड की जाएगी। इसे यू पी बोर्ड से मान्यता प्राप्त सभी विद्यालयों के शिक्षक या विद्यार्थी निःशुल्क डाउनलोड कर सकेंगे।
लखनऊ मंडल के सीतापुर में पहुंचेंगी सर्वाधिक हैंडबुक
लखनऊ मंडल में आने वाले जिलों के लिए कुल 311 हैंडबुक आवंटित की गई है। इसमें सीतापुर को 62, लखनऊ को 55, हरदोई को 55. लखीमपुर खीरी को 54, रायबरेली को 45 व उन्नाव को 40 हैंडबुक मिलेंगी।