सीतापुर। अपने दोस्त की उधारी चुकाने के लिए युवक ने लूट की कहानी रची थी। सकरन पुलिस ने मंगलवार को मामले का खुलासा करते हुए आरोपी को जेल भेज दिया।
एएसपी उत्तरी प्रकाश कुमार ने बताया कि जिला मुजफ्फरनगर थाना पुरकाजी मोहल्ला जाटान निवासी समीर ने एक केस दर्ज कराया था।
उसके मुताबिक तीन फरवरी के दिन वह बिसवां से अपने बेचे हुए गुड़ का भुगतान एक लाख रुपये लेकर वापस आ रहा था। रास्ते में तीन नकाबपोश बदमाशों ने उसकी बाइक में धक्का देकर खेत में गिरा दिया। इसके बाद बदमाश उनके रुपए और फोन लेकर भाग गए। पुलिस ने केस दर्ज कर लिया।
साक्ष्यों के आधार पर पीड़ित ने जो बातें बताईं वह भ्रामक पाई गईं। समीर को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई तो उसने बताया कि उसका पूरा परिवार रेउसा में गुड़ बनाता है। इस एक लाख रुपये में से समीर को पचास हजार रुपये राहुल को देने थे। वहीं, कुछ मजदूरों को बकाया अदा करना था।
आरोपी समीर ने अपनी जरूरतों को पूरा करने के लिए दोस्त आसिफ से एक लाख रुपये उधार लिए थे। उसने पूरे रुपये चुका दिए और मां बाप व अन्य लोगों से लूट की फर्जी कहानी रच डाली। समीर को लगा था कि ऐसे वह राहुल व अपने परिजनों को पैसे का हिसाब देने से बच जाएगा। लेकिन उसका झूठ पकड़ा गया।