सिधौली/सीतापुर। अटरिया थाना क्षेत्र के हिंद अस्पताल के डॉक्टरों पर गंभीर लापरवाही का आरोप लगा है। पीड़ित परिजनों के मुताबिक, बुजुर्ग महिला के कूल्हे में चोट लगी थी, लेकिन डॉक्टरों ने पेट का ऑपरेशन कर दिया। परिजनों ने इस मामले में वीडियो बनाकर वायरल कर दिया। शिकायत पर डीएम ने तीन सदस्यीय जांच कमेटी गठित की है। यह कमेटी सोमवार को डीएम को अपनी रिपोर्ट सौंपेगी।
संदना के हरिहरपुर लौली निवासी पुष्पेंद्र ने बताया कि उन्होंने अपनी सास सावित्री (75) को एक सप्ताह पहले हिंद अस्पताल में भर्ती कराया था। उनके कूल्हे में चोट थी। इसके बावजूद उनके पेट का ऑपरेशन कर दिया गया। परिजनों ने इस लापरवाही को उजागर करते हुए वीडियो बनाकर वायरल किया। साथ ही अस्पताल की लापरवाही की जांच व कार्रवाई की मांग की। जिलाधिकारी डॉ. राजा गणपति आर ने एसडीएम न्यायिक अंजली सिंह, सीएचसी अधीक्षक डॉ. आनंद सिंह व जिला चिकित्सालय से संबद्ध डॉ. अनूप कुमार को मामले की जांच के निर्देश दिए हैं। कमेटी सोमवार शाम तक जांच रिपोर्ट सौंपेगी।