रामपुर मथुरा। रसोई गैस संकट के बीच परिषदीय विद्यालयों में मध्याह्न भोजन बनवाना बड़ी चुनौती है। शिक्षक पढ़ाई से ज्यादा एमडीएम बाधित न होने पाए इस पर ध्यान दे रहे हैं। शनिवार को कई स्कूलों में सिलिंडर खत्म हो गया। इस पर रसोइया तो कहीं शिक्षक के घर से सिलिंडर मंगवाकर एमडीएम बनवाया गया। जहां कोई इंतजाम नहीं हो पाया वहां चूल्हे पर एमडीएम बनाया गया।
रामपुर मथुरा ब्लॉक में 185 परिषदीय स्कूल हैं। इनमें से 50 से अधिक विद्यालयों में मध्याह्न भोजन के लिए गैस सिलिंडर की समस्या है। प्राथमिक विद्यालय मझिगवां में सिलिंडर समाप्त होने पर एमडीएम का काम बाधित हो गया। इस पर शिक्षामित्र के घर से सिलिंडर मंगवाकर एमडीएम बनवाया गया।
कंपोजिट विद्यालय अखरी व शुकुलपुरवा में गैस खत्म होने पर बच्चों के लिए मध्याह्न भोजन बनाने में समस्या उत्पन्न हो गई। यहां भी शिक्षक के घर से सिलिंडर मंगवाकर एमडीएम बनाया गया। प्रधानाध्यापकों की मानें तो लकड़ी पर भोजन बनवाने में काफी देर भी हो जाती थी। खंड शिक्षा अधिकारी उदयमणि पटेल ने बताया कि करीब 50 स्कूलों के प्रधानाध्यापकों ने गैस समाप्त होने की जानकारी दी है।