रामगढ़ (सीतापुर)। चोरी के एक मामले में वांछित शातिर की तलाश में शनिवार को गुजरात से जीआरपी टीम संदना क्षेत्र की रामगढ़ पुलिस चौकी पहुंची। चौकी पुलिस से मंत्रणा कर आरोपी आनंद सिन्हा की तलाश की पर कोई सुराग नहीं लगा। उसके बाद गुजरात से आई जीआरपी लौट गई।
गुजरात से आई जीआरपी टीम ने बताया कि यूपी के सीतापुर जिले के रामगढ़ में चोरी के एक आरोपी को पकड़ने आई है। कुछ टीमें अन्य ठिकानों पर भी गई हैं। चोरी के एक मामले में आनंद कुमार सिन्हा नाम के एक व्यक्ति की तलाश है। जिसकी लोकेशन तलाश करते हुए गुजरात जीआरपी टीम में शामिल मुख्य आरक्षी सरफराज हुसैन, आरक्षी बाबूलाल व चिराग पटेल संदना थाने की रामगढ पुलिस चौकी पहुंचे। यहां पुलिस से संपर्क किया।
स्थानीय टीम के साथ गुजरात की जीआरपी ने काफी देर तक छानबीन की, लेकिन आनंद कुमार सिन्हा नाम का कोई आरोपी नहीं मिला। मुख्य आरक्षी सरफराज हुसैन का कहना है की आनंद नाम के शख्स का पता संदना क्षेत्र का है। आनंद को लेकर गुजरात जीआरपी ने दो ग्राम पंचायतों के प्रधानों से भी पूछताछ की है। रामगढ़ प्रधान प्रतिनिधि ने टीम को लिखित रूप से आनंद कुमार सिन्हा नाम के शख्स को ग्राम पंचायत में न रहने की जानकारी दी है। जिसके बाद टीम बैरंग लौट गई।