सीतापुर। ट्रांसपोर्ट नगर चौराहे के पास स्थित राय ऑटोमोबाइल्स पर बुधवार को जीएसटी की टीमों ने जांच की। दोपहर करीब 12 बजे दो गाड़ियों से पहुंची पांच सदस्यीय टीम ने प्रतिष्ठान के दस्तावेज खंगाले। प्रतिष्ठान को अंदर से बंद कर दिया गया। इस दौरान किसी को बाहर जाने की इजाजत नहीं दी गई। सर्वे के लिए पहुंची टीम में डिप्टी कमिश्नर शशिधर शाही, असिस्टेंट कमिश्नर रामचंद्र वर्मा, राज्य कर अधिकारी सरिता, वंशीधर और ज्ञान प्रकाश शामिल रहे। टीम ने प्रतिष्ठान में मौजूद स्टॉक रजिस्टर, कंप्यूटर व अन्य लेनदेन संबंधी दस्तावेजों को कब्जे में ले लिया है।
अधिकारी जीएसटी भुगतान व माल क्रय-विक्रय का मिलान कर रहे हैं। राय ऑटोमोबाइल्स ऑटो पार्ट्स के मामले में सीतापुर का सबसे बड़ा प्रतिष्ठान है। विभागीय सूत्रों के अनुसार टीम यहां जीएसटी चोरी की आशंका पर सर्वे कर रही है।
टीम ने गोदाम भी खंगाला
जीएसटी टीम ने प्रतिष्ठान के लोहारबाग स्थित गोदाम को भी खंगाला। वहां मौजूद माल का स्टॉक रजिस्टर से मिलान किया जा रहा है। वहीं, पूर्व में जीएसटी भुगतान के स्टेटमेंट के आधार पर टैक्स का आकलन किया जा रहा है।
जीएसटी सर्वे की सूचना पर प्रतिष्ठान रहे बंद
जीएसटी टीमों ने एक सप्ताह पूर्व भी आंख अस्पताल रोड स्थित अमर प्रोविजन स्टोर पर टैक्स चोरी की संभावनाओं की पड़ताल की थी। बुधवार को जीएसटी सर्वे की सूचना मिली तो कई व्यापारी प्रतिष्ठान बंद कर चले गए।