सीतापुर। ग्राम पंचायत अधिकारी (सचिव) का शव बृहस्पतिवार को कमरे में फंदे से लटका मिला। वह शहर के आवास विकास कॉलोनी में किराये का कमरा लेकर रह रहे थे। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस पत्नी से विवाद के बाद अधिकारी के आत्महत्या करने की बात कह रही है।
लखनऊ के हुसैनगंज निवासी अभिषेक साहू (42) अपनी पत्नी के साथ शहर के आवास विकास कॉलोनी में किराये का मकान लेकर रहते थे। बृहस्पतिवार सुबह उनका शव कमरे में फंदे से लटका मिला। सुबह उसकी पत्नी ज्योति व अन्य परिजनों ने पुलिस को मामले की जानकारी दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने अभिषेक को जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
इंस्पेक्टर अनूप शुक्ला ने बताया कि दंपती में झगड़े के बाद घटना होने की बात सामने आई है। झगड़े के बाद अभिषेक ने खुद को कमरे में बंद कर लिया। इसके बाद पंखे से लटक कर फांसी लगा ली। मौके पर पहुंची टीम ने ही कमरे का दरवाजा तोड़कर शव को फंदे से उतारा। पोस्टमार्टम कराया जा रहा है। अन्य बिंदुओं पर भी जांच की जा रही है।
तबादले के बाद से अवसाद में थे अभिषेक
डीपीआरओ निरीश चंद्र साहू खबर पाकर कुछ ही देर में जिला अस्पताल पहुंच गए। उन्होंने बताया कि अभिषेक का जून माह में ही खैराबाद विकास खंड क्षेत्र से महोली ब्लॉक में स्थानांतरण हुआ था। उधर, सूत्रों की मानें तो महोली की जिस ग्राम पंचायत में इनका तबादला किया गया था, वहां ये काम नहीं करना चाहते थे। तबादले को लेकर भी वह अवसाद में थे। हालांकि खुदकुशी के कारणों का अब तक पता नहीं चल सका है।