गोंदलामऊ। पंचायत चुनाव में गोंदलामऊ क्षेत्र के हिंडौरा से निर्वाचित वार्ड सदस्यों को चार साल बाद शनिवार को जीत का प्रमाणपत्र मिला। निर्वाचित जनप्रतिनिधि बीते चार सालों से प्रमाणपत्र के लिए जिम्मेदारों के चक्कर लगा रहे थे। मामला एडीएम कार्यालय पहुंचा तो उन्होंने मातहतों को फटकारा। इसके बाद एडीओ पंचायत कार्यालय से जनप्रतिनिधियों का प्रमाणपत्र निकल सका।
ब्लॉक की हिंडौरा ग्राम पंचायत से पंचायत सामान्य निर्वाचन-2021 में वार्ड संख्या 8 व वार्ड संख्या 12 से नीतू व सुमन ने चुनाव जीता था। इसके बाद से ही वह जीत के प्रमाणपत्र के लिए चक्कर लगा रही थीं। इसकी शिकायत डीएम व महिला आयोग से हुई थी।
20 नवंबर को दोनों सदस्यों ने डीएम कार्यालय को पत्र लिखकर बताया था कि एडीओ पंचायत कार्यालय में उनके जीत के प्रमाणपत्र रखे हैं लेकिन दिए नहीं जा रहे हैं। इस पर एडीएम नीतीश सिंह ने मातहतों को फटकारा। इसके साथ एक पत्र लिखकर मातहतों को प्रमाणपत्र जनप्रतिनिधियों को उपलब्ध कराने के लिए कहा। प्रमाणपत्र देने के बाद प्राप्ति रसीद को एडीएम कार्यालय में एक सप्ताह में भेजने को कहा। इसके बाद शनिवार को एडीओ पंचायत ऑफिस से ही प्रमाणपत्र उपलब्ध कराए गए।